मथुरा: यमुना एक्सप्रेसवे पर शनिवार रात इलेक्ट्रॉनिक सामान से लदा एक केंटर अचानक आग का गोला बन गया। माइलस्टोन 110 के समीप चलते वाहन में लगी आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। केंटर में लदे फ्रिज, एलईडी समेत करोड़ों रुपये के इलेक्ट्रॉनिक सामान जलकर राख हो गए। आग की लपटें उठती देख चालक ने वाहन से कूदकर अपनी जान बचाई। वहीं, आग बुझाने के दौरान मांट के एफएसएसओ प्रभारी किशन लाल घायल हो गए।
पुणे से नोएडा जा रहे केंटर में लगी आग
जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब आठ बजे पुणे से नोएडा जा रहा इलेक्ट्रॉनिक सामान से भरा केंटर (UP85 CT 0196) यमुना एक्सप्रेसवे पर माइलस्टोन 110 के पास पहुंचा था। इसी दौरान अचानक वाहन में आग लग गई। चालक राजकुमार ने आग की लपटें उठती देख तत्काल वाहन से बाहर छलांग लगा दी। देखते ही देखते आग ने पूरे केंटर को अपनी चपेट में ले लिया। कुछ ही देर में वाहन धू-धूकर जलने लगा। केंटर में एलजी कंपनी के फ्रिज, एलईडी सहित बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक सामान लदा हुआ था, जो आग की भेंट चढ़ गया।
आग बुझाने के दौरान दमकलकर्मी घायल
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एक्सप्रेसवे पेट्रोलिंग टीम और दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत करते हुए आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। आग इतनी भीषण थी कि उस पर काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। इस दौरान आग बुझाने के प्रयास में मांट के एफएसएसओ प्रभारी किशन लाल घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए भेजा गया। हादसे के चलते एक्सप्रेसवे पर कुछ देर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
कैंटर का सामान जलकर राख, चालक सुरक्षित
दमकल की कई गाड़ियों की मदद से आखिरकार आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन तब तक केंटर में रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो चुका था। गनीमत रही कि चालक समय रहते वाहन से बाहर निकल गया, जिससे उसकी जान बच गई। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। फिलहाल केंटर में आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटा है।
Reported By: Prem Kaushik












