जनता की चौखट पर पुलिस कमिश्नर, समस्याओं पर तुरंत एक्शन का फरमान, हौज काजी थाने में जनसुनवाई

0
2

नई दिल्ली: राजधानी में पुलिस और जनता के बीच विश्वास मजबूत करने के उद्देश्य से दिल्ली पुलिस कमिश्नर अनिल कुमार शनिवार को खुद जनसुनवाई में पहुंचे। मध्य जिला के हौज काजी थाना परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने स्थानीय निवासियों से सीधा संवाद किया और उनकी शिकायतें सुनीं। इस दौरान अतिक्रमण, यातायात जाम और नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं प्रमुखता से उठीं। पुलिस कमिश्नर ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों पर समयबद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

हर शनिवार आयोजित होती है जनसुनवाई

मध्य जिला पुलिस की ओर से आम नागरिकों को वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों तक सीधी पहुंच देने के लिए प्रत्येक शनिवार को जनसुनवाई आयोजित की जाती है। इसी पहल के तहत 21 नवंबर को पुलिस कमिश्नर अनिल कुमार हौज काजी थाने पहुंचे। उनके आगमन पर विशेष पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) जोन-1 देवेश श्रीवास्तव, संयुक्त पुलिस आयुक्त मधुर वर्मा, मध्य जिला के डीसीपी रोहित राजबीर सिंह समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।

अतिक्रमण और यातायात जाम की शिकायतें उठीं

जनसुनवाई के दौरान स्थानीय लोगों ने इलाके में अतिक्रमण, सड़कों पर बढ़ते यातायात दबाव और अन्य समस्याओं की जानकारी पुलिस कमिश्नर को दी। उन्होंने शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई और नियमित निगरानी के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं को सुनने के साथ उनका उचित समाधान करना भी पुलिस की जिम्मेदारी है।

एमसीडी और अन्य विभागों से तालमेल पर जोर

पुलिस कमिश्नर ने नागरिक सुविधाओं से जुड़े मामलों में नगर निगम दिल्ली (एमसीडी) और अन्य संबंधित विभागों के साथ बेहतर समन्वय बनाने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि जिन समस्याओं का समाधान पुलिस के अधिकार क्षेत्र में नहीं आता, उन्हें संबंधित नागरिक एजेंसियों के सामने प्रभावी ढंग से उठाया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी न हो।

अमन कमेटी और व्यापारिक संगठनों ने की पहल की सराहना

जनसुनवाई में अमन कमेटी, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) और मार्केट वेलफेयर एसोसिएशन (एमडब्ल्यूए) के प्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी शामिल हुए। लोगों ने पुलिस कमिश्नर के थाने पहुंचकर सीधे संवाद करने की पहल की सराहना की। उन्होंने अपनी समस्याएं वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों तक पहुंचाने का अवसर देने के लिए आभार भी जताया।

शांति और सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने की अपील

पुलिस कमिश्नर ने कहा कि राजधानी में शांति, कानून-व्यवस्था और सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखना पुलिस के साथ-साथ समाज की भी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने स्थानीय नागरिकों, सामाजिक संगठनों और सामुदायिक प्रतिनिधियों से पुलिस के साथ मिलकर काम करने की अपील की। उनके मुताबिक, आपसी विश्वास, सहयोग और सक्रिय भागीदारी से ही मजबूत पुलिस व्यवस्था कायम की जा सकती है।

थाने का निरीक्षण कर पुलिसकर्मियों का बढ़ाया उत्साह

जनसुनवाई के बाद पुलिस कमिश्नर ने हौज काजी थाने का निरीक्षण किया। उन्होंने थाने की कार्यप्रणाली, पुलिसकर्मियों की दैनिक जिम्मेदारियों और उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों से बातचीत भी की। इसके अलावा हाल के मामलों में सराहनीय काम करने वाली मध्य जिला पुलिस टीमों से संवाद कर उनकी पेशेवर दक्षता, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण की प्रशंसा की।

जनता से सीधे संवाद का दिया संदेश

इस जनसुनवाई के जरिए दिल्ली पुलिस ने नागरिकों की शिकायतों के समाधान, पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय तथा क्षेत्र में शांति बनाए रखने की प्राथमिकता दोहराई। कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी ने स्थानीय लोगों को अपनी बात सीधे पुलिस नेतृत्व तक पहुंचाने का अवसर दिया।

 

Reported By: Pankaj Rai

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here