बेंगलुरु: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में हत्या की एक खौफनाक वारदात सामने आई है। जालाहल्ली इलाके में अपनी प्रेमिका की हत्या के आरोप में पुलिस ने संतोष नाम के युवक को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि ऐश्वर्या और संतोष एक-दूसरे से प्यार करते थे, लेकिन इस रिश्ते ने एक ऐसी मोड़ ले लिया, जिसका अंत मौत से हुआ।
शादी के लिए मान गए थे दोनों परिवार
शुरुआत में ऐश्वर्या के घरवाले इस रिश्ते के खिलाफ थे। ऐश्वर्या ने संतोष से ही शादी करने की जिद पकड़ ली थी। काफी समझाने-बुझाने के बाद आखिरकार दोनों परिवार शादी के लिए राजी हो गए। शादी तय हो जाने के बाद संतोष ने कहा कि उसे तीन साल का समय चाहिए। तीन साल बीत गए, लेकिन संतोष शादी को टालता रहा। अब उसी पर प्रेमिका की हत्या करने का आरोप लगा है।
निजी तस्वीरें दिखाकर करता था ब्लैकमेल
जांच में सामने आया है कि संतोष ने ऐश्वर्या की कुछ निजी तस्वीरें और वीडियो अपने फोन में रिकॉर्ड कर लिए थे। बाद में उसने कहना शुरू कर दिया कि उसका परिवार इस शादी के लिए तैयार नहीं है और वह शादी नहीं करेगा। दोनों परिवारों के बीच फिर से बातचीत हुई और शादी दोबारा तय की गई। इस बार संतोष ने छह महीने का और वक्त मांग लिया।
घर जाकर किया हंगामा, फिर बढ़ी दूरी
कुछ दिन पहले संतोष अचानक ऐश्वर्या के घर पहुंच गया। वहां उसने हंगामा किया और साफ-साफ कह दिया कि वह शादी नहीं करेगा। इस घटना के बाद ऐश्वर्या ने उससे दूरी बना ली। आरोप है कि इसके बाद संतोष ने ऐश्वर्या को उसकी निजी तस्वीरें और वीडियो दिखाकर धमकाना शुरू कर दिया। वह लगातार उससे मिलने का दबाव बनाता रहा और उसे परेशान करता रहा।
19 नवंबर को क्या हुआ?
19 नवंबर को ऐश्वर्या घर से यह कहकर निकली कि उसका एक इंटरव्यू है, लेकिन वह संतोष से मिलने चली गई। एक लॉज में दोनों के बीच जमकर बहस हो गई। बहस के दौरान आरोप है कि संतोष ने गुस्से में ऐश्वर्या को लॉज की तीसरी मंजिल की खिड़की से नीचे धक्का दे दिया। ऐश्वर्या नीचे बिजली के खंभे पर जा गिरी, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। उसे तुरंत प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतका के पिता की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी संतोष को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब इस मामले में निजी वीडियो और ब्लैकमेल के एंगल से भी जांच कर रही है।












