नई दिल्ली: पंजाब की सियासत में करीब छह साल के बाद फिर से बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल ने आपस में हाथ मिला लिया है। मंगलवार को दोनों दलों ने मिलकर विधानसभा चुनाव लड़ने का फैसला किया। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर बादल ने दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस करके गठबंधन का ऐलान किया। शाह ने कहा, एनडीए के सबसे पुराने साथी की एनडीए में वापसी हुई है और पंजाब में अकाली दल बड़े भाई की भूमिका में रहेगा।
अकाली दल और बीजेपी पंजाब में करीब दो दशक तक मिलकर चुनाव लड़ते रहे हैं, लेकिन 2020 में कृषि कानूनों के मुद्दे पर दोनों ने एक-दूसरे का साथ छोड़ दिया था। 2022 के विधानसभा और 2024 के लोकसभा चुनाव के नतीजों में दोनों ने अलग-अलग चुनाव लड़े, लेकिन दोनों ही कोई करिश्मा नहीं दिखा सके।
अलग होकर दोनों ने देखा हार का मंजर
पंजाब की राजनीति पूरी तरह से बदल गई है। आम आदमी पार्टी ने 2022 के विधानसभा चुनाव में बड़ी जीत दर्ज कर सत्ता पर कब्जा जमाया है। कांग्रेस सत्ता से बाहर हो गई जबकि अकाली दल और बीजेपी, दोनों को अपने-अपने सियासी आधार के बावजूद चुनावी सफलता नहीं मिली। 2022 विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने 92 सीटें जीतकर ऐतिहासिक बहुमत हासिल किया, जबकि अकेले लड़ने का खामियाजा दोनों पुराने साथियों को भुगतना पड़ा। बसपा के साथ गठबंधन में उतरा अकाली दल महज 3 सीटों पर सिमट गया, जो उसके इतिहास का सबसे खराब प्रदर्शन था। वहीं, बीजेपी भी सिर्फ 2 सीटें ही जीत सकी। वोट शेयर के लिहाज से देखें तो अकाली दल को 18.38 फीसदी वोट मिले तो बीजेपी को 6.60 फीसदी वोट मिले।
2024 में भी नहीं चला जादू
2024 के लोकसभा चुनाव में भी बीजेपी और अकाली दल अलग-अलग लड़े। पंजाब की 13 लोकसभा सीटों में से अकाली दल सिर्फ बठिंडा सीट ही बचा पाया और उसके 10 उम्मीदवारों की जमानत तक जब्त हो गई। उसका वोट शेयर 2019 के 27.45 फीसदी से गिरकर 13.42 फीसदी पर आ गया। वहीं, बीजेपी ने 13 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ा, लेकिन एक भी सीट नहीं जीत सकी और उसका वोट शेयर 9.63 फीसदी से बढ़कर 18.56 फीसदी पर पहुंच गया। अगर दोनों दलों के वोट शेयर को जोड़ दिया जाए तो यह करीब 31.98 फीसदी बनता है। पंजाब में यह आंकड़ा बताता है कि अलग-अलग चुनाव लड़ने के बावजूद दोनों दलों के पास राज्य में एक महत्वपूर्ण संयुक्त वोट आधार मौजूद था।
क्या दो चुनावों ने दोस्ती की जरूरत समझा दी?
2022 में अकाली दल का वोट शेयर बीजेपी से काफी ज्यादा था, लेकिन वह केवल तीन सीटें जीत सका। 2024 में बीजेपी का वोट शेयर अकाली दल से अधिक हो गया, लेकिन पार्टी एक भी सीट नहीं जीत पाई। एक तरह से अकाली दल के पास अपेक्षाकृत बड़ा पारंपरिक राजनीतिक आधार था, तो दूसरी पार्टी ने लोकसभा चुनाव में अपना वोट शेयर बढ़ाया। पंजाब में बीजेपी के सामने ग्रामीण और किसान वर्ग तक पहुंच बनाने की चुनौती रही है जबकि अकाली दल के लिए अपने पुराने राजनीतिक आधार को फिर से मजबूत करना अहम है। गठबंधन इन दोनों जरूरतों को जोड़ने का एक प्रयास माना जा सकता है।
अब बदल जाएगा पुराना फॉर्मूला?
1997 से 2017 के बीच जब अकाली दल और बीजेपी साथ थे, तब सीटों के बंटवारे में अकाली दल का दबदबा रहता था। उस दौर में 117 में से 94 सीटों पर अकाली दल और महज 23 सीटों पर बीजेपी चुनाव लड़ती थी। हालांकि, 2024 के लोकसभा चुनाव में 18.56% वोट शेयर हासिल करने के बाद बीजेपी की मोलभाव करने की ताकत बढ़ी है। 2027 के आगामी विधानसभा चुनावों में अकाली दल ‘बड़े भाई’ की भूमिका में तो रहेगा और मुख्यमंत्री का चेहरा भी उसी का होगा, लेकिन इस बार बीजेपी पहले के मुकाबले लगभग दोगुनी यानी 40 से 48 सीटों पर चुनाव लड़ सकती है।
अब सबसे बड़ा सवाल सीटों के बंटवारे का होगा। किसानों के मुद्दे पर अकाली दल को ग्रामीण क्षेत्रों में अपने कोर वोटरों को समझाना होगा, वहीं बीजेपी को शहरी हिंदू वोट बैंक को साथ जोड़े रखने की चुनौती होगी।












