एक प्यार, जिसने बदल दी जिंदगी! सरकारी नौकरी की चाह से US तक पहुंचने की कहानी

0
6
love story changed life government job to us scientist
Instagram/ @lalitshokeen1515

नई दिल्ली: सोशल मीडिया इन दिनों डॉ. ललित शोकीन का एक वीडियो चर्चा में है, जिसमें उन्होंने अपनी जिंदगी के अनुभव साझा करते हुए बताया कि इंसान की सोच और सपनों पर उसके आसपास के लोगों का कितना असर पड़ता है. अमेरिका में रह रहे ललित ने करीब तीन मिनट के वीडियो में कहा कि अगर जिंदगी में आगे बढ़ना है तो समय-समय पर अपना माहौल और सर्किल बदलना चाहिए. 

सरकारी नौकरी ही सफलता की पहचान थी

ललित ने बताया कि उनका जन्म दिल्ली के नजफगढ़ में हुआ और उनके पिता दिल्ली पुलिस में थे. परिवार के कई अन्य सदस्य भी सरकारी नौकरी में थे. ऐसे माहौल में उन्हें बचपन से यही समझ आया कि सरकारी नौकरी हासिल करना ही सफलता का सबसे सुरक्षित रास्ता है. इसके लिए उन्हें 10वीं के बाद उन्हें हॉस्टल भेजा गया. ललित के मुताबिक, यहीं से उनकी सोच में बदलाव आना शुरू हुआ, जहां उनकी हॉस्टल में अलग-अलग तरह के लोगों से मुलाकात हुई. किसी का सपना डॉक्टर बनने का था तो कोई इंजीनियर बनना चाहता था. इन लोगों के सपनों ने उन्हें भी बड़े लक्ष्य तय करने के लिए प्रेरित किया.

हिंदू कॉलेज में और बदली सोच

12वीं के बाद ललित का दाखिला हिंदू कॉलेज में हुआ. यहां देश के अलग-अलग हिस्सों से आए छात्रों के साथ उनकी दोस्ती हुई. उन्होंने बताया कि किसी का लक्ष्य IAS-IPS बनना था तो कोई पत्रकार या पायलट बनना चाहता था. इसी दौरान उनकी एक दोस्त का सपना अमेरिका जाकर फिजिक्स में PhD करना और NASA में वैज्ञानिक बनना था. ललित को यह सपना इतना पसंद आया कि उन्होंने भी अमेरिका जाने का फैसला कर लिया.  

GRE में मिली सफलता

अमेरिका जाने की तैयारी के दौरान ललित ने GRE परीक्षा में शानदार प्रदर्शन किया और उन्हें पूरी स्कॉलरशिप मिल गई. उन्होंने बताया कि पढ़ाई के दौरान उन्हें स्टाइपेंड भी मिला. उनके मुताबिक, यह सब इसलिए संभव हुआ क्योंकि हर नए सर्किल ने उन्हें कुछ नया सोचने के लिए प्रेरित किया। अमेरिका पहुंचने के बाद उनका दायरा और बढ़ा. अलग-अलग देशों के लोगों से मिलने पर उन्हें यह समझ आया कि करियर वही बेहतर है, जिसमें इंसान की रुचि और क्षमता हो. 

बनाया यूट्यूब चैनल 

इसके बाद उन्होंने अपनी स्टोरीटेलिंग और कॉमेडी की प्रतिभा पर काम किया और यूट्यूब पर वीडियो बनाना शुरू किया. ललित का कहना है कि धीरे-धीरे उनके लाखों फॉलोअर्स हो गए और उन्हें काम के लिए पहचान भी मिलने लगी. वीडियो के अंत में उन्होंने युवाओं को सलाह दी कि मौका मिले तो नए लोगों से मिलें, नए अनुभव लें और अपने सीमित दायरे से बाहर निकलें. उनके मुताबिक, सर्किल बदलने से सोच बदलती है और कई बार यही बदलाव जिंदगी की दिशा भी बदल देता है. 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here