संविधान दिवस पर एसडीएम सुरेन्द्र सिंह ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दिलवाई संविधान की शपथ

0
2

रतिया: संविधान दिवस के अवसर पर वीरवार को लघु सचिवालय सभागार में एसडीएम सुरेन्द्र सिंह ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना के अनुरूप शपथ दिलवाई। इस दौरान सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने संविधान के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त करते हुए देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों को बनाए रखने का संकल्प लिया।

संविधान समानता, स्वतंत्रता और भाईचारे का देता है संदेश

एसडीएम ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शपथ दिलाते हुए कहा कि भारत का संविधान प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुत्व का अधिकार प्रदान करता है। संविधान में निहित मूल भावना देश के प्रत्येक नागरिक को समान अवसर देने तथा समाज में आपसी भाईचारे, सद्भाव और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने का संदेश देती है। एसडीएम सुरेन्द्र सिंह ने कहा कि संविधान दिवस हमें अपने संवैधानिक अधिकारों के साथ-साथ मौलिक कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक रहने की प्रेरणा देता है।

निष्पक्ष और पारदर्शी सेवाएं देना अधिकारियों की जिम्मेदारी

उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान विश्व के सबसे महत्वपूर्ण लोकतांत्रिक दस्तावेजों में से एक है। संविधान के माध्यम से देश में लोकतांत्रिक व्यवस्था, कानून का शासन और नागरिकों के अधिकारों एवं कर्तव्यों को सुनिश्चित किया गया है। प्रत्येक सरकारी अधिकारी एवं कर्मचारी की जिम्मेदारी है कि वह अपने कार्यों और व्यवहार में संविधान के आदर्शों को प्राथमिकता दे तथा आमजन को बिना किसी भेदभाव के निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध करवाए। सरकारी सेवाओं में कार्यरत प्रत्येक कर्मचारी को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और जिम्मेदारी के साथ करना चाहिए। आमजन की समस्याओं का समाधान करना, सभी के साथ समान व्यवहार करना और प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखना भी संवैधानिक मूल्यों के अनुरूप हमारी जिम्मेदारी है।

विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी रहे मौजूद

इस अवसर पर नायब तहसीलदार बलवान सिंह, तहसील कल्याण अधिकारी कंवल सिंह, राजकमल, हरदीप कौर, जेई गुलशन, बिजेंद्र, डिप्टी सुप्रीडेंट ऋषिकेश, नरेंद्र कुमार, राहुल, गुरमीत सिंह, मुकेश, सुरेश सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here