स्पा की आड़ में जिस्मफरोशी का खेल बेनकाब, 29 महिलाएं मुक्त, छह स्पा सेंटरों पर दिल्ली पुलिस का शिकंजा

0
1

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में स्पा और मसाज सेंटरों की आड़ में कथित देह व्यापार का धंधा चलाने वालों पर सेंट्रल जिला पुलिस ने बड़ा प्रहार किया है। पुलिस ने छह स्पा सेंटरों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चार ठिकानों पर छापेमारी की और 29 महिलाओं को मुक्त कराया। इस कार्रवाई में स्पा मालिकों, सह-मालिकों, मैनेजरों, रिसेप्शनिस्ट और ग्राहकों समेत 15 लोगों को गिरफ्तार अथवा हिरासत में लिया गया, जबकि एक स्पा मैनेजर को पाबंद किया गया। इसके अलावा नौकरों का पुलिस सत्यापन नहीं कराने पर दो अलग मुकदमे भी दर्ज किए गए।

नबी करीम में आठ आरोपी दबोचे

26 नवंबर को गुप्त सूचना पर ए-वन स्पा एंड सैलून, पहाड़गंज में पुलिस ने डिकॉय ग्राहक भेजा। सूचना की पुष्टि होते ही छापा मारा गया। यहां से छह महिलाओं को मुक्त कराया गया और मालिक, सह-मालिक, मैनेजर समेत आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। एफआईआर संख्या 552/2026 दर्ज हुई। स्पा मालिक के खिलाफ अलग से एफआईआर 553/2026 भी दर्ज की गई।

पहाड़गंज में तीन महिलाएं मुक्त

ऑर्गेनिक स्पा, मेन बाजार में डिकॉय ग्राहक की मदद से कथित अनैतिक गतिविधियों का खुलासा हुआ। पुलिस ने तीन महिलाओं को मुक्त कराया। मौके से पांच हजार रुपये, तीन कंडोम, रजिस्टर और पेन बरामद किए। मैनेजर संपृता झा को हिरासत में लेकर पाबंद किया गया। एफआईआर 509/2026 दर्ज हुई।

करोल बाग के दो स्पा पर छापा

मौर्य स्पा में पुलिसकर्मी ने 1,500 रुपये देकर कथित अतिरिक्त सेवा की पुष्टि की। यहां से 10 महिलाओं को मुक्त कराया गया और छह लोगों को पकड़ा गया। इनमें दो मैनेजर और चार ग्राहक शामिल हैं।
वहीं हेरिटेज स्पा में डिकॉय ग्राहक ने एक हजार रुपये नकद और एक हजार रुपये ऑनलाइन भुगतान किया। यहां से 10 महिलाओं को मुक्त कराया गया और मैनेजर सूरज को पकड़ा गया। दोनों मामलों में अलग-अलग एफआईआर दर्ज हुईं।

पटेल नगर में सत्यापन पर कार्रवाई

द पैलेस स्पा और द गैलेक्सी स्पा में कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन नहीं कराने पर दो एफआईआर दर्ज की गईं।

पुलिस टीम और बरामदगी

कार्रवाई में नबी करीम के एसआई नीरज राठी, डब्ल्यूएसआई सोनी लाल, एसआई शक्ति सिंह, एचसी विकास राठी, डब्ल्यूएचसी प्रीति, कांस्टेबल गणेश, फेरू सिंह, नितिन और ज्योति शामिल रहे। पहाड़गंज पुलिस टीम तथा करोल बाग में एसआई सचिन मुद्गल और एसआई भूपेंद्र सिंह के नेतृत्व वाली टीमों ने अहम भूमिका निभाई। इंस्पेक्टर राजीव रंजन के निर्देशन में कार्रवाई हुई। नकदी, ग्राहक रजिस्टर, लाइसेंस दस्तावेज और अन्य साक्ष्य जब्त किए गए। सेंट्रल जिला डीसीपी रोहित राजबीर सिंह के मुताबिक सभी चार अनैतिक व्यापार अधिनियम के मामलों में जांच जारी है। पुलिस अन्य संभावित संलिप्त लोगों की भूमिका भी खंगाल रही है।

 

Reported By: Pankaj Rai 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here