नई दिल्ली: दक्षिण-पूर्वी दिल्ली में सड़क पर हुई मामूली टक्कर के बाद दो युवकों पर हथौड़े और डंडे से जानलेवा हमला कर मोबाइल लूटने वाले आरोपियों को दिल्ली पुलिस ने महज छह घंटे के भीतर दबोच लिया। थाना सनलाइट कॉलोनी पुलिस ने तकनीकी निगरानी, स्थानीय खुफिया जानकारी और ताबड़तोड़ तलाशी अभियान के जरिए दोनों आरोपियों को उत्तर-पूर्वी दिल्ली के खजूरी खास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल हुंडई क्रेटा कार, हथौड़ा, लकड़ी का डंडा और लूटा गया मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
दक्षिण-पूर्वी जिला डीसीपी विनीत कुमार ने बताया कि।25 नवंबर को शाम करीब 4:10 बजे सराय काले खां फ्लाईओवर के पास मारपीट की सूचना पीसीआर के जरिए मिली थी। जांच में सामने आया कि सफदरजंग अस्पताल के मेडिकल रिकॉर्ड विभाग में संविदा कर्मचारी विक्रम (39) और अरुण (22) ड्यूटी खत्म कर मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक की सफेद हुंडई क्रेटा कार से टक्कर हो गई। मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। कार सवार दो युवकों ने कथित तौर पर हथौड़े और लकड़ी के डंडे से दोनों पर हमला कर दिया। हमले में दोनों के सिर में चोटें आईं। आरोपियों ने एक युवक का मोबाइल फोन भी लूट लिया और मौके से फरार हो गए। घायलों को तत्काल ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया।
बदलते रहे ठिकाने, पुलिस ने बिछाया जाल
वारदात के बाद आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदलते रहे। पुलिस ने दक्षिणी दिल्ली से लेकर हरियाणा के तिगांव और बाहरी दिल्ली के नरेला तक तलाश की। तकनीकी सुरागों और वाहन मालिक से पूछताछ में पता चला कि क्रेटा कार आरोपी अभिषेक ने किराये पर ली थी। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पहचान छिपाने के लिए कार की नंबर प्लेट बदल दी थी और आगे के शीशे पर विधायक का स्टीकर भी लगा दिया था।
कानून के छात्र समेत दो गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 23 वर्षीय अरमान और 25 वर्षीय अभिषेक के रूप में हुई है। अरमान नोएडा के ईशान कॉलेज में कानून की पढ़ाई के चौथे वर्ष का छात्र है और ऑनलाइन कारोबार भी करता है। अभिषेक बीए द्वितीय वर्ष का छात्र है तथा निर्माण व्यवसाय से जुड़ा है। उसके खिलाफ पूर्व आपराधिक संलिप्तता की जानकारी नहीं मिली है।
पुलिस टीम का एक्शन
पूरी कार्रवाई एसआई राकेश शर्मा के नेतृत्व में हुई। टीम में हेड कांस्टेबल मनोज, करमवीर, वीरेंद्र, रविंदर, बलराम और कांस्टेबल धर्मेंद्र शामिल रहे। इंस्पेक्टर मुकेश कुमार, एसएचओ सनलाइट कॉलोनी के नेतृत्व तथा एसीपी लाजपत नगर की निगरानी में टीम ने इस मामले को सुलझाया।
Reported By: Pankaj Rai












