नई दिल्ली: पश्चिमी दिल्ली के तिलक नगर में एक फैंसी लाइट की दुकान को निशाना बनाकर करीब 10 लाख रुपये की नकदी उड़ाने वाले आरोपियों का पुलिस ने फिल्मी अंदाज में पर्दाफाश कर दिया है। तिलक नगर थाना पुलिस ने ताबड़तोड़ जांच और तकनीकी निगरानी के जरिए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की रकम में से 9 लाख 70 हजार रुपये बरामद कर लिए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान श्रवण कुमार उर्फ छोटू (21) गौतम कुमार उर्फ भोलू (18) और अरुण कुमार (18) के रूप में हुई है।
शटर तोड़कर दिया वारदात को अंजाम
वेस्ट जिला डीसीपी हरेश्वर वी स्वामी ने बताया कि 19 और 20 नवंबर की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने तिलक नगर स्थित शिकायतकर्ता बेयंत मारवाह की फैंसी लाइट की दुकान के शटर का ताला तोड़ दिया। इसके बाद दुकान में रखी तिजोरी से करीब 10 लाख रुपये नकद और महत्वपूर्ण दस्तावेज चोरी कर फरार हो गए। 20 नवंबर को शिकायत मिलने पर थाना तिलक नगर में एफआईआर संख्या 467/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस ने बिछाया जाल
वारदात की गंभीरता को देखते हुए थाना पुलिस की विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने तकनीकी निगरानी, स्थानीय खुफिया तंत्र और मुखबिरों की मदद से संदिग्धों की पहचान शुरू की। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस तीनों आरोपियों तक पहुंचने में कामयाब रही।
तीन आरोपी गिरफ्त में
पुलिस ने श्रवण कुमार उर्फ छोटू निवासी तिलक नगर, गौतम कुमार उर्फ भोलू निवासी नजफगढ़ और अरुण कुमार निवासी श्याम नगर, तिलक नगर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
9.70 लाख की नकदी बरामद
आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने चोरी की 9 लाख 70 हजार रुपये की नकदी बरामद कर ली। इस बरामदगी के साथ ही 10 लाख रुपये की चोरी का मामला सुलझा लिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
इस कार्रवाई एएसआई चंद्रहास, हेड कांस्टेबल संदीप, दलजीत तथा कांस्टेबल धनेश और राकेश की टीम ने एसएचओ इंस्पेक्टर बिनीत कुमार पांडेय के नेतृत्व में अंजाम दिया। एसीपी तिलक नगर ऋचपाल सिंह की निगरानी और पश्चिमी जिला डीसीपी हरेश्वर वी. स्वामी के निर्देशन में पूरी कार्रवाई की गई।
iReported By: Pankaj Rai












