आम जनता के लिए खोले गए केजरीवाल के 'शीशमहल' के दरवाजे, सामान की कीमतों का भी हुआ खुलासा

0
1

नई दिल्ली: अरविंद केजरीवाल के मुख्यमंत्री रहते इस्तेमाल किए गए सरकारी बंगले को अब लोगों के सामने प्रदर्शित किया जा रहा है। भाजपा जिसे ‘शीशमहल’ कहती है, उसके अंदर मौजूद सामान और उनकी कीमतें मीडिया को दिखाई गईं। प्रदर्शनी में झूमर से लेकर सोफा, पर्दे और दूसरी सुविधाओं तक के मूल्य दर्ज हैं। एक झूमर की कीमत 23 लाख रुपये से ज्यादा, सोफा करीब 4 लाख और एक कमरे के पर्दे लगभग 6 लाख रुपये बताए गए हैं। बंगले में रिमोट से चलने वाले पर्दे और किचन से ऊपर के कमरों तक खाना पहुंचाने के लिए लिफ्ट भी मौजूद है।

बंगले के बाहर ‘शीशमहल’ नाम के साथ निर्माण और खर्च की कुल रकम 58,83,66,314 रुपये लिखी गई है। दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश वर्मा और कपिल मिश्रा मीडिया को बंगले के भीतर लेकर गए और अलग-अलग कमरों में रखे सामान की कीमतें बताईं। प्रदर्शित सामान में एक झूमर की कीमत 23.13 लाख रुपये बताई गई, जबकि दूसरे झूमर का मूल्य 11.45 लाख रुपये है। एक कमरे के पर्दे 5.84 लाख रुपये के बताए गए, वहीं बंगले के दूसरे हिस्से में पर्दों की कीमत 12 लाख रुपये बताई गई। इनके साथ रिमोट भी दिखाए गए। दावा है कि इन पर्दों को रिमोट से नियंत्रित किया जा सकता है।

सोफा, कॉफी मशीन और किचन लिफ्ट भी चर्चा में

बंगले में सोफा सेट की कीमत 4.14 लाख रुपये बताई गई। टेबल और कुर्सियों समेत दूसरे फर्नीचर के दाम भी लाखों में हैं। यहां लगी कॉफी मशीन 2.5 लाख रुपये की बताई गई। कपिल मिश्रा के मुताबिक, किचन में लगी लिफ्ट से खाना ऊपर की मंजिल तक पहुंचाया जाता था, जहां केजरीवाल रहते थे। इसके अलावा मसाजर की कीमत 4 लाख रुपये, मंदिर की 6.71 लाख रुपये और डबल डोर फ्रिज की 7.5 लाख रुपये बताई गई। लिफ्ट लॉबी में रखी मूर्ति का मूल्य 7.58 लाख रुपये बताया गया।

कपिल मिश्रा और प्रवेश वर्मा ने लगाए आरोप

कपिल मिश्रा ने केजरीवाल पर सरकारी धन की बर्बादी और विलासिता के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान, जब दिल्ली में ऑक्सीजन की कमी थी, तब बंगले का निर्माण कराया गया और महंगे सामान खरीदे गए। उन्होंने मीडिया के जरिए लोगों को बंगले की सुविधाएं दिखाने की बात कही। पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा ने दावा किया कि तत्कालीन विभागीय मंत्री सत्येंद्र जैन ने बंगले से संबंधित फाइल पर ‘मोस्ट अर्जेंट’ लिखा था। उन्होंने आरोप लगाया कि कोविड के दौरान अस्पताल और दवाओं से जुड़ी जरूरतों पर तत्परता नहीं दिखाई गई, जबकि बंगले का काम तेजी से आगे बढ़ाने को प्राथमिकता दी गई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here