ग्रेटर नोएडा: शहर को स्वच्छ, सुंदर और प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पर्यावरण के दुश्मन बन चुके प्लास्टिक पर लगाम लगाने के लिए प्राधिकरण के स्वास्थ्य विभाग ने जागरूकता और कार्रवाई का दोहरा अभियान चलाया। इस दौरान नियमों को ताक पर रखकर प्रतिबंधित पॉलिथीन का इस्तेमाल करने वाले दुकानदारों और रेहड़ी-पटरी संचालकों पर कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित सामग्री जब्त की गई और करीब 16 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ. बलकार सिंह के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान में कासना, सेक्टर डेल्टा-1 की मार्केट समेत ग्रेटर नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट के विभिन्न इलाकों में निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने दुकानदारों, व्यापारियों और रेहड़ी-पटरी संचालकों को सख्त संदेश दिया कि प्रतिबंधित प्लास्टिक का इस्तेमाल पर्यावरण के साथ खिलवाड़ है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ मौके पर ही कार्रवाई की गई। खुले में कूड़ा फेंकने वालों को भी नहीं बख्शा गया।
प्राधिकरण का उद्देश्य केवल जुर्माना लगाना नहीं, बल्कि शहरवासियों की आदतों में बदलाव लाना भी है। इसी कारण प्रतिबंधित प्लास्टिक के उपयोग, भंडारण और वितरण के खिलाफ नियमित अभियान चलाए जा रहे हैं।
प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी सुमित यादव ने नागरिकों और व्यापारियों से ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 का पालन करने तथा प्लास्टिक के स्थान पर कपड़े और जूट के थैले अपनाने की अपील की।
Reported By: Pankaj Rai












