न हॉर्न का शोर, न ट्रैफिक की अफरा-तफरी! आइजोल की सड़कें देख आनंद महिंद्रा भी हुए मुरीद

0
1

नई दिल्ली: देश के ज्यादातर बड़े शहरों में ट्रैफिक जाम और गाड़ियों के लगातार बजते हॉर्न से लोग परेशान रहते हैं। सड़क पर थोड़ी सी जगह मिलते ही वाहन चालक आगे निकलने की कोशिश करते हैं। लेकिन मिजोरम की राजधानी आइजोल की तस्वीर इससे बिल्कुल अलग है। यहां सड़क पर गाड़ियों की लंबी कतार होने के बावजूद लोग धैर्य बनाए रखते हैं और बेवजह हॉर्न नहीं बजाते। आइजोल के इसी ट्रैफिक अनुशासन ने उद्योगपति आनंद महिंद्रा का ध्यान खींचा है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर शहर के शांत माहौल की जमकर तारीफ की है।

आनंद महिंद्रा ने शेयर किया आइजोल का वीडियो

आनंद महिंद्रा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर आइजोल की सड़कों का एक वीडियो साझा किया। इसमें एक महिला शहर की ट्रैफिक व्यवस्था के बारे में बताती नजर आती है। वीडियो में सड़क पर कई गाड़ियां दिखाई देती हैं, लेकिन कहीं भी हॉर्न का शोर सुनाई नहीं देता। वाहन चालक अपनी लेन में रहते हैं और ट्रैफिक सिग्नल पर अपनी बारी का इंतजार करते हैं।

महिला बताती है कि यहां लोग धैर्य के साथ ट्रैफिक नियमों का पालन करते हैं। वह सड़क पर बनी सफेद स्टॉप लाइन की ओर इशारा करते हुए बताती है कि वाहन चालक उस लाइन को पार नहीं करते और अपनी बारी आने तक इंतजार करते हैं।

2017 में शुरू हुई थी नो-हॉर्न पॉलिसी

आनंद महिंद्रा ने अपनी पोस्ट में आइजोल की ट्रैफिक व्यवस्था और वहां के लोगों की लेन डिसिप्लिन की तारीफ की। उन्होंने बताया कि शहर में साल 2017 में नो-हॉर्न पॉलिसी शुरू की गई थी। इसका उद्देश्य अनावश्यक हॉर्न बजाने से होने वाले ध्वनि प्रदूषण को कम करना है।

महिंद्रा के मुताबिक, शहर के लोगों ने मिलकर जिस तरह ट्रैफिक अनुशासन को अपनाया है, उसका असर अब वहां के शांत वातावरण में दिखाई देता है। उन्होंने इस सामूहिक प्रयास को शहर की खास पहचान बताया।

बड़े शहरों में शांति बन गई है दुर्लभ चीज

आनंद महिंद्रा ने अपनी पोस्ट में कहा कि देश के व्यस्त महानगरों में शांति अब एक दुर्लभ चीज बन गई है। दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु जैसे शहरों में ट्रैफिक का शोर लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बन चुका है।

उन्होंने कहा कि अब तक लोग घूमने के लिए खूबसूरत पहाड़ों, प्राकृतिक नजारों और ऐतिहासिक इमारतों की तलाश करते रहे हैं। लेकिन आने वाले समय में किसी शहर का शांत माहौल भी लोगों के वहां घूमने जाने की बड़ी वजह बन सकता है। उन्होंने इसे ‘क्वेस्ट फॉर क्वाइट’ यानी शांति की तलाश बताया।

सोशल मीडिया पर हो रही आइजोल की तारीफ

आनंद महिंद्रा की पोस्ट सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी आइजोल के ट्रैफिक अनुशासन की चर्चा शुरू हो गई। कई यूजर्स ने कहा कि दूसरे शहरों को भी आइजोल से सीख लेनी चाहिए। लोगों का मानना है कि अगर वाहन चालक लेन अनुशासन और ट्रैफिक नियमों का सही तरीके से पालन करें, तो सड़कों पर शोर और अव्यवस्था को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

आइजोल का यह उदाहरण बताता है कि बेहतर ट्रैफिक व्यवस्था के लिए केवल सड़कों और सुविधाओं का होना ही काफी नहीं है, बल्कि नागरिकों का धैर्य और जिम्मेदारी भी उतनी ही जरूरी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here