इटली के स्कूलों में बुर्का-नकाब पर बैन, नियम तोड़ने पर लगेगा 1,000 यूरो तक जुर्माना

0
1

नई दिल्ली: इटली में स्कूलों के लिए एक नया शिक्षा कानून लागू किया गया है, जिसके तहत अब छात्र कक्षा में बुर्का और नकाब पहनकर चेहरा नहीं छिपा सकेंगे। नए नियमों के मुताबिक, स्कूल में ऐसा कोई भी पहनावा मान्य नहीं होगा, जिससे छात्र की पहचान करना मुश्किल हो। हालांकि, जिन कपड़ों या नकाब से चेहरा साफ दिखाई देता है, उन्हें इस पाबंदी से बाहर रखा गया है। नियम तोड़ने पर 1,000 यूरो तक का जुर्माना भी लगाया जा सकता है।

इटली के चैंबर ऑफ डेप्युटीज ने 26 नवंबर को इस विवादित कानून को अंतिम मंजूरी दी। मतदान के दौरान इसके समर्थन में 142 वोट पड़े, जबकि 112 सदस्यों ने विरोध किया। वहीं, चार सदस्य मतदान के समय मौजूद नहीं थे। इस कानून को लेकर देश में राजनीतिक बहस भी तेज हो गई है।

विदेशी छात्रों की संख्या पर भी तय हुई सीमा

नए कानून में स्कूलों की फर्स्ट-ईयर कक्षाओं में विदेशी छात्रों की संख्या अधिकतम 30 प्रतिशत रखने का प्रावधान किया गया है। हालांकि, जिन विदेशी छात्रों को इटैलियन भाषा की अच्छी जानकारी है, उन्हें इस सीमा से छूट मिलेगी। अगर कोई स्कूल इस तय सीमा का पालन करने में असमर्थ रहता है, तो शिक्षा विभाग के अधिकारी संबंधित छात्रों को आसपास के दूसरे स्कूलों में भेजने की व्यवस्था कर सकते हैं। सरकार का मानना है कि इससे कक्षाओं में भाषा से जुड़ी दिक्कतों को कम करने में मदद मिलेगी।

कानून में उन विदेशी माता-पिता के लिए इटैलियन भाषा सीखने के कोर्स का प्रावधान भी किया गया है, जिनकी भाषा संबंधी परेशानी का असर उनके बच्चों की पढ़ाई पर पड़ता है। इसके जरिए परिवारों को स्थानीय भाषा से जोड़ने और बच्चों की शिक्षा में बेहतर सहयोग सुनिश्चित करने की कोशिश की जाएगी।

विपक्ष ने बताया भेदभाव बढ़ाने वाला कानून

विपक्षी दलों ने इस कानून की आलोचना करते हुए सरकार पर भेदभाव को बढ़ावा देने का आरोप लगाया है। मतदान के दौरान विपक्षी सांसदों ने एक प्लेकार्ड दिखाया, जिस पर लिखा था, ‘स्कूल में कोई भी विदेशी नहीं है।’ वहीं, शिक्षा मंत्री ज्यूसेप्पे वाल्डिटारा ने सरकार के फैसले का बचाव किया। उनका कहना है कि इटैलियन भाषा की जानकारी और साझा नियमों का सम्मान समाज में एकजुटता बढ़ाने में मदद करेगा। इस कानून में केवल पहनावे और विदेशी छात्रों की संख्या से जुड़े नियम ही नहीं हैं, बल्कि डिजिटल टेक्स्टबुक, दिव्यांग विद्यार्थियों को सहायता और शिक्षकों की भर्ती से जुड़े प्रावधान भी शामिल किए गए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here