नई दिल्ली: ईरान में कम उम्र में शादी और महिलाओं के खिलाफ हिंसा का एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां 14 साल की एक लड़की की उसके पति ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। लड़की ने कुछ दिन पहले ही बच्चे को जन्म दिया था। मृतका की पहचान सोगंद मोश्तारेकी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उसने अपने 20 वर्षीय पति से केवल मायके जाने की अनुमति मांगी थी। इसके बाद दोनों के बीच विवाद हुआ और उसकी जान चली गई।
ईरान ह्यूमन राइट्स (IHR) के मुताबिक, आरोपी पति ने हत्या की बात कबूल कर ली है। उसने इसकी वजह पारिवारिक विवाद बताई है। सोगंद ईरान के करमान प्रांत की रहने वाली थी। बच्चे को जन्म देने के लिए ले जाते समय उसका वाहन हादसे का शिकार हो गया था। इस दुर्घटना में बचने के बाद उसने सुरक्षित बच्चे को जन्म दिया, लेकिन कुछ ही दिनों बाद उसकी हत्या कर दी गई।
पति ने परिवार से मिलने पर लगा रखी थी रोक
IHR की रिपोर्ट के अनुसार, सोगंद का पति उसे अपने परिवार के संपर्क में रहने से रोकता था। जब वह घर से बाहर जाता था, तो कथित तौर पर उसे घर में बंद करके जाता था। मायके जाने की अनुमति मांगने के बाद हुआ विवाद उसकी हत्या की वजह बना। मानवाधिकार संगठन ने इस घटना को ईरान में जबरन शादी और महिलाओं के साथ होने वाली हिंसा के गंभीर नतीजों से जोड़ा है। संगठन का कहना है कि भेदभावपूर्ण कानून, पुरुष प्रधान व्यवस्था और आरोपियों को मिलने वाली छूट के कारण ऐसी घटनाओं पर रोक लगाना मुश्किल हो रहा है।
पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले
सोगंद की मौत वाले दिन ही ईरान के फार्स प्रांत में 21 वर्षीय गर्भवती महिला सेपिदेह रईसी की भी हत्या कर दी गई। रिपोर्ट के मुताबिक, सेपिदेह की शादी भी उसकी मर्जी के खिलाफ कराई गई थी और उसकी जान उसके पति ने ली।
इस महीने की शुरुआत में ईरान के सनंदाज शहर में 19 वर्षीय गर्भवती महिला हेलिया फत्ताही की हत्या का मामला सामने आया था। वह दो महीने की गर्भवती थी। बताया गया कि उसने परिवार को अपने रिश्ते की जानकारी दी थी, जिसके बाद उसके माता-पिता ने कथित तौर पर उसे करीब 30 मिर्गी की दवाइयां खिलाईं और बेरहमी से पीटा। बाद में तकिए से दम घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई। इस मामले में आरोपी माता-पिता वोरिया फत्ताही और लीला वेस को गिरफ्तार किया गया है। दोनों ने हत्या की बात कबूल की है। हेंगॉ और हाना नाम के मानवाधिकार संगठनों ने इस घटना को तथाकथित ऑनर किलिंग बताया है।












