नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में गैंगस्टरों के खिलाफ स्पेशल सेल ने एक और बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पूर्वी रेंज की टीम ने ट्रांस यमुना एरिया गैंग के सक्रिय सदस्य वसीम उर्फ फौजी उर्फ रफीक (38) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पूर्वी दिल्ली के लक्ष्मी नगर में एक कारोबारी से दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के सनसनीखेज मामले में वांछित था। पुलिस ने उसके कब्जे से एक अर्ध-स्वचालित पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
दो करोड़ की रंगदारी, 65 लाख की वसूली
स्पेशल सेल पुलिस उपायुक्त विकास श्योकंद ने बताया कि अगस्त 2026 में लक्ष्मी नगर निवासी एक व्यक्ति को विदेशी नंबर से व्हाट्सऐप पर धमकी भरे फोन और संदेश आने शुरू हुए। कॉल करने वाले ने दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी। दहशत में आए पीड़ित ने 65 लाख रुपये की रकम भी दे दी, लेकिन बाकी पैसे देने से इनकार करने पर धमकियों का सिलसिला फिर शुरू हो गया। व्हाट्सऐप पर धमकी भरे वॉइस नोट और संदेश भेजे गए। इसके बाद 18 सितंबर 2026 को थाना लक्ष्मी नगर में एफआईआर नंबर 327/26 के तहत मामला दर्ज किया गया।
ऑडियो-वीडियो ने खोली पोल
जांच के दौरान सामने आए ऑडियो क्लिप और वीडियो रिकॉर्डिंग में वसीम उर्फ फौजी कथित तौर पर पीड़ित को धमकाता दिखाई और सुनाई दिया। इसके बाद स्पेशल सेल की पूर्वी रेंज ने आरोपी की तलाश तेज कर दी।
सुंदर नगरी में बिछाया जाल
इंस्पेक्टर सुनील कुमार के नेतृत्व और एसीपी राहुल कुमार सिंह की निगरानी में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने मुखबिरों से जानकारी जुटाने के साथ तकनीकी निगरानी और कई स्थानों पर छापेमारी की। 24 नवंबर को कांस्टेबल हिरक को आरोपी के सुंदर नगरी इलाके में पहुंचने की सूचना मिली। टीम ने पिली मिट्टी पार्क के पास घेराबंदी कर वसीम को दबोच लिया। तलाशी में एक अर्ध-स्वचालित पिस्टल और दो जिंदा कारतूस मिले। हथियार बरामदगी के संबंध में अलग से मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है।
हत्या के मामलों में भी रहा नाम
पूछताछ में आरोपी के गैंग से पुराने संबंधों का खुलासा हुआ। पुलिस के अनुसार, वर्ष 2015 में दिल्ली आने के बाद वह गैंग के सदस्य मुमताज के संपर्क में आया। इसके जरिए इरफान उर्फ छेनू पहलवान और अन्य सदस्यों से जुड़ा। वर्ष 2017 में हत्या के मामलों में संलिप्तता के बाद वह 2017 से 2023 तक जेल में रहा। पुलिस का कहना है कि जेल में रहने और बाहर आने के बाद भी उसका गैंग से संपर्क बना रहा। तमिलनाडु के कोट्टार, दिल्ली के सिविल लाइंस, जाफराबाद, भजनपुरा और वेलकम थानों में हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी और आर्म्स एक्ट समेत छह पुराने मुकदमों में भी उसका नाम सामने आया है।
टीम की कार्रवाई से गैंग को झटका
इस कार्रवाई को स्पेशल सेल की संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कामयाबी माना जा रहा है। पुलिस अब आरोपी से हथियारों की सप्लाई करने वाले नेटवर्क और रंगदारी के पूरे गिरोह के संबंध में पूछताछ कर रही है।यह कार्रवाई इंस्पेक्टर सुनील कुमार के नेतृत्व में स्पेशल सेल की ईस्टर्न रेंज टीम एसीपी राहुल कुमार सिंह की निगरानी में की गई।












