नई दिल्ली: नौकरी के लिए लोग दूसरे शहर तक जाते हैं, लेकिन चीन में एक महिला को इंटरव्यू से पहले अजीब मांग का सामना करना पड़ा। एचआर मैनेजर ने उससे अपने लिए कैफीन-फ्री ड्रिंक खरीदने को कहा। मना करने पर उसका इंटरव्यू रद्द कर दिया गया। घटना के बाद सोशल मीडिया पर कंपनी की आलोचना हो रही है। साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट (SCMP) के मुताबिक, मामला जियांग्सू प्रांत के कुनशान शहर की वांग का है।
नौकरी की तलाश में उन्हें ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर शंघाई की एक कंपनी की वैकेंसी मिली। इंटरव्यू के लिए उन्हें कुनशान से शंघाई जाना था। इससे पहले वीचैट पर कंपनी के एचआर मैनेजर लियू से उनकी बातचीत हुई। मैनेजर ने वांग से अपने लिए कैफीन रहित ड्रिंक लाने को कहा। महिला ने पूछा कि क्या कंपनी इसका खर्च देगी, तो मैनेजर ने मना कर दिया।
पैसे देने से इनकार पर रद्द हुआ इंटरव्यू
वांग ने कहा कि उन्हें ड्रिंक खरीदने में परेशानी नहीं है, लेकिन वह इंटरव्यू के बाद ऐसा कर सकती हैं। मैनेजर अपनी मांग पर अड़ा रहा। महिला के इनकार के बाद उसने संदेश भेजा कि जरूरी काम के कारण इंटरव्यू दूसरी तारीख पर होगा। इस तरह वांग बिना इंटरव्यू दिए लौट गईं। मैनेजर ने यह भी कहा कि कंपनी उम्मीदवारों के ड्रिंक का खर्च उठाती है और छोटी रकम खर्च करने से बचने वालों को नौकरी नहीं देती।
महिला ने मांगी माफी और यात्रा खर्च
वांग ने कंपनी से शिकायत कर माफी और आने-जाने के खर्च की भरपाई मांगी, लेकिन रिपोर्ट के मुताबिक उन्हें जवाब नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर घटना साझा की। उनकी पोस्ट को चीन में 7 करोड़ से ज्यादा बार देखा गया।
लोगों की शिकायत के बाद भर्ती प्लेटफॉर्म जिपीन डॉट कॉम ने कंपनी का जॉब विज्ञापन हटा दिया और उसके भर्ती अधिकार रोक दिए। प्लेटफॉर्म ने कहा कि उम्मीदवारों पर अनुचित शर्तें रखना नियमों का उल्लंघन है। सोशल मीडिया यूजर्स ने कंपनी की आलोचना की। चीनी मीडिया संस्थान डज हॉन्ग डेली ने कहा कि इंटरव्यू दोनों पक्षों को समझने का मौका है, दबाव बनाने का नहीं।












