नई दिल्ली: अब सोचिए, आप दोस्तों के साथ बीच पर घूम रहे हों और अचानक आपको लगे कि दूर समंदर में कोई बड़ा जहाज पानी पर नहीं, बल्कि हवा में अटका हुआ है। आप क्या करेंगे? शायद पहले अपनी आंखें मलेंगे, फिर फोन निकालकर वीडियो बनाएंगे। बस, केरल के जसील ने भी यही किया। जसील पेरालासेरी, जिन्हें लोग जसील अज़ीज़ के नाम से जानते हैं, उस दिन अजमान में एक शूट खत्म करके अपने दोस्तों के साथ बीच पर गए थे। कोई खास प्लान नहीं था, बस यूं ही टहलना था। तभी उनकी नजर समंदर की तरफ गई और वो वहीं ठहर गए।
दूर से देखने पर लग रहा था जैसे कई जहाजों का नीचे वाला हिस्सा गायब है। जहाज और पानी के बीच एक खाली सी जगह दिख रही थी। ऐसा लग रहा था मानो जहाज को किसी ने उठाकर हवा में टांग दिया हो। जसील ने देर नहीं की, तुरंत फोन निकाला और रिकॉर्ड कर लिया। उन्हें खुद भी नहीं पता था कि यह छोटा सा वीडियो इतना बड़ा हो जाएगा। उन्होंने बस यूं ही इसे इंस्टाग्राम पर डाल दिया। फिर क्या था, देखते ही देखते 20 घंटे में 3 करोड़ से ज्यादा लोगों ने इसे देख लिया। फेसबुक, इंस्टाग्राम, एक्स, हर जगह यही वीडियो घूमने लगा। लोग पूछने लगे, ये असली है या एडिटिंग? और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
जसील कौन हैं?
अगर आपको लगता है कि जसील कोई बड़े फिल्ममेकर हैं, तो ऐसा नहीं है। वो कोझिकोड के एक साधारण से लड़के हैं, जिन्होंने फोटोग्राफी यूट्यूब देखकर सीखी है। कोई बड़ी डिग्री नहीं, कोई महंगा कोर्स नहीं। बस शौक था, जो धीरे-धीरे काम बन गया। करीब एक साल पहले वो घूमने के लिए यूएई गए थे। घूमते-घूमते उन्हें दुबई इतना पसंद आया कि वहीं रुक गए। अब वहीं रहकर फोटो और वीडियो बनाते हैं। इससे पहले भी वो एक बार सुर्खियों में आ चुके हैं। दुबई में एक फोटोग्राफी कॉम्पिटिशन में उनकी फोटो ने पहला इनाम जीता था। उस फोटो में हिजाब पहनी एक लड़की फूलों वाले पेड़ के नीचे हवा में उछलती हुई दिख रही थी। उस फोटो के लिए उन्हें करीब 3.8 लाख रुपये मिले थे।
तो क्या जहाज सच में उड़ रहा था?
नहीं, बिल्कुल नहीं। ये ना तो कोई जादू है और ना ही कोई कैमरा ट्रिक। ये कुदरत का एक खेल है, जिसे सुपीरियर मिराज कहते हैं। सीधे शब्दों में समझें तो, जब समंदर के ऊपर ठंडी हवा के ऊपर गर्म हवा की परत आ जाती है, तो रोशनी थोड़ी टेढ़ी हो जाती है। और हमारी आंखों को दूर की चीज अपनी असली जगह से थोड़ी ऊपर दिखने लगती है। बस, उसी दिन अजमान में भी यही हुआ। जहाज वहीं था, पानी पर ही था, बस हमारी आंखों को वो हवा में दिखा।












