मुंबई: रानी मुखर्जी ने फिल्म मर्दानी 3 के जरिए एक बार फिर SSP शिवानी शिवाजी रॉय के किरदार में दमदार वापसी की है. यश राज फिल्म्स के प्रोडक्शन की इस कॉप ड्रामा को रिलीज के साथ ही दर्शकों और क्रिटिक्स से अच्छे रिएक्शन मिले हैं. खासतौर पर महिलाओं से जुड़े गंभीर मुद्दों को जिस सख्त और सच्चे अंदाज में फिल्म ने दिखाया है, उसकी हर तरफ जोरो शोरो से तारीफ की जा रही है.
फिल्म ने पहले वीकेंड पर ठीक ठाक प्रदर्शन किया था, लेकिन वीकडेज में इसकी रफ्तार थोड़ी सुस्त पड़ती नजर आई. इसके बावजूद पांचवें दिन मर्दानी 3 ने मामूली ग्रोथ दिखाकर यह संकेत दिया है कि कंटेंट के दम पर फिल्म अभी भी दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींच सकती है.
मर्दानी 3 का 5वें दिन का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन
इंडस्ट्री ट्रैकर की शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक मर्दानी 3 ने अपने 5वें दिन करीब 2.50 करोड़ रुपये की कमाई की है. सोमवार को फिल्म का कलेक्शन 2.25 करोड़ रुपये रहा था, ऐसे में मंगलवार को आई यह बढ़त भले ही छोटी हो, लेकिन इसे पॉजिटिव संकेत माना जा रहा है.
अब तक पांच दिनों में फिल्म की कुल कमाई 22.25 करोड़ रुपये तक पहुंच चुकी है. फिल्म का अब तक का सबसे ज्यादा कलेक्शन पहले रविवार को देखने को मिला था, जब इसने 7.25 करोड़ रुपये कमाए थे. इससे साफ है कि वीकेंड पर फिल्म को दर्शकों का अच्छा सपोर्ट मिला है.
अब तक कितना कमा चुकीं हैं मर्दानी 3
मर्दानी 3 ने पहले दिन 4 करोड़ रुपये की ओपनिंग की थी. दूसरे दिन यह आंकड़ा बढ़कर 6.25 करोड़ रुपये तक पहुंचा. तीसरे दिन फिल्म ने 7.25 करोड़ रुपये की सबसे बड़ी कमाई दर्ज की. चौथे दिन कलेक्शन गिरकर 2.25 करोड़ रुपये रहा. वहीं पांचवें दिन 2.50 करोड़ रुपये की शुरुआती कमाई के साथ फिल्म ने हल्की रिकवरी दिखाई है.
मर्दानी 3 के सामने सबसे बड़ी चुनौती मल्टी स्टारर वॉर ड्रामा बॉर्डर 2 बनी हुई है. यह फिल्म रिलीज के दो हफ्ते बाद भी सिनेमाघरों में मजबूत पकड़ बनाए हुए है और लगातार अच्छा कलेक्शन कर रही है. बड़े स्केल और मास अपील के कारण बॉर्डर 2 का असर मर्दानी 3 की स्क्रीन काउंट और शो पर साफ नजर आ रहा है. ऐसे में मर्दानी 3 को अपनी बॉक्स ऑफिस दौड़ को मजबूत बनाने के लिए आने वाले दिनों में और बेहतर प्रदर्शन करना होगा. वीकेंड पर एक बार फिर फिल्म की कमाई में उछाल आने की उम्मीद की जा रही है.
















