मुंबई: गीतकार और स्क्रीनराइटर जावेद अख्तर ने हाल ही में तापसी पन्नू की नई फिल्म अस्सी की खुलकर तारीफ की है. 20 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हुई इस फिल्म ने अपनी गंभीर कहानी और मजबूत प्रस्तुति से दर्शकों का ध्यान खींचा है. फिल्म का बॉक्स ऑफिस क्लैश सिद्धांत चतुर्वेदी और मृणाल ठाकुर की फिल्म दो दीवाने शहर में से हुआ, लेकिन अस्सी की कहानी और विषय ने अलग पहचान बनाई है.
इंडिया टुडे से बातचीत में जावेद अख्तर ने कहा कि बहुत कम फिल्में ऐसी होती हैं जो एक साथ दिल और दिमाग दोनों को छू सकें. उनके अनुसार अस्सी ऐसी ही फिल्म है. उन्होंने कहा कि कुछ फिल्में केवल भावनाओं पर असर डालती हैं और कुछ केवल सोचने पर मजबूर करती हैं, लेकिन अस्सी दोनों स्तरों पर काम करती है. यह दर्शकों को भावनात्मक रूप से भी जोड़ती है और सामाजिक सवालों पर गंभीरता से सोचने के लिए भी प्रेरित करती है.
जावेद अख्तर ने देखी तापसी पन्नू की अस्सी?
अस्सी एक कोर्टरूम ड्रामा है जो एक स्कूल टीचर परिमा की कहानी पर आधारित है. इस किरदार को कनी कुसरुति ने निभाया है. परिमा के साथ घर लौटते समय एक दर्दनाक अपराध होता है. इसके बाद न्याय की लड़ाई शुरू होती है. तापसी पन्नू फिल्म में रावी नाम की वकील के रोल में नजर आती हैं, जो बिना थके परिमा के लिए न्याय की लड़ाई लड़ती है. फिल्म केवल एक केस की कहानी नहीं बल्कि समाज के सामने कई कठिन सवाल रखती है.
आसान जवाब नहीं देती फिल्म
जावेद अख्तर ने कहा कि अस्सी दर्शकों को तैयार जवाब नहीं देती. इसके बजाय यह सवालों को समाज के सामने रखती है. उनका मानना है कि जो भी व्यक्ति अपने आसपास हो रही घटनाओं पर गंभीरता से सोचता है, वह इस फिल्म को देखने के बाद जरूर चिंतन करेगा. उन्होंने यह भी कहा कि फिल्म को बहुत अच्छे और दिलचस्प तरीके से नैरेट किया गया है. कहानी का प्रवाह दर्शकों को अंत तक बांधे रखता है.
फिल्म में तापसी और कनी के अलावा मोहम्मद जीशान अय्यूब, मनोज पाहवा, सीमा पाहवा, कुमुद मिश्रा और रेवती भी अहम भूमिकाओं में हैं. इसके अलावा नसीरुद्दीन शाह और सुप्रिया पाठक विशेष भूमिका में नजर आते हैं.
















