‘लगा जैसे एयरलिफ्ट फिल्म की कहानी है…’, बेटी से साथ सही सलामत भारत लौटीं एक्ट्रेस, सुनाया डरावना अनुभव

0
13
Lara Dutta
Lara Dutta

मुंबई: बॉलीवुड एक्ट्रेस लारा दत्ता हाल ही में एक बेहद डरावने अनुभव से गुजरी हैं. अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के कारण वह अपनी बेटी सायरा के साथ दुबई में फंस गई थीं. अब सुरक्षित भारत लौटने के बाद उन्होंने उस मुश्किल समय के बारे में खुलकर बात की है. कुछ समय पहले लारा दत्ता ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा कर बताया था कि वह दुबई में फंसी हुई हैं. इस खबर के बाद उनके फैंस भी चिंतित हो गए थे. हालांकि अब वह भारत लौट चुकी हैं और उन्होंने अपने पूरे सफर का अनुभव साझा किया है.

एक इंटरव्यू में लारा दत्ता ने बताया कि वह अपनी बेटी सायरा को टेनिस ट्रेनिंग दिलाने के लिए दुबई गई थीं. उनकी बेटी वहां एक खास टेनिस कोच से ट्रेनिंग ले रही थी. उसी समय उनके पति और पूर्व टेनिस खिलाड़ी महेश भूपति किसी काम से लंदन में थे. इस वजह से लारा और उनकी बेटी दुबई में अकेले ही रह रहे थे. इसी दौरान अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बढ़ गया और हालात अचानक गंभीर हो गए.

धमाकों की आवाजों के बीच लिया बड़ा फैसला

लारा ने बताया कि जिस इलाके में वह रह रही थीं वह जेबेल अली पोर्ट से करीब दस किलोमीटर दूर था. उस समय वहां लगातार बमबारी की खबरें आ रही थीं. इन हालातों को देखते हुए उन्होंने भारत लौटने का फैसला किया. लारा के अनुसार वह अपने परिवार के पास सुरक्षित पहुंचना चाहती थीं.

उन्होंने बताया कि वह अपनी बेटी के साथ करीब दो घंटे की ड्राइव करके फुजैरा पहुंचीं. लेकिन वहां पहुंचने से ठीक एक दिन पहले ही फुजैरा पोर्ट और तेल रिफाइनरी पर भी हमला हुआ था. लारा ने माना कि वह समय बेहद डरावना था और उन्हें हर पल चिंता हो रही थी.

‘लगा जैसे फिल्म एयरलिफ्ट की कहानी जी रही हूं’ -लारा

इस पूरे अनुभव को याद करते हुए लारा ने कहा कि उन्हें ऐसा महसूस हो रहा था जैसे वह किसी फिल्म की कहानी का हिस्सा बन गई हों. उन्होंने मजाक में अपने को स्टार अक्षय कुमार से कहा कि उन्हें ऐसा लग रहा है जैसे वह एयरलिफ्ट फिल्म के दूसरे हिस्से में हों. लारा ने बताया कि जब वह एयरपोर्ट पर थीं तब भी दूर से धमाकों की आवाजें सुनाई दे रही थीं. उस माहौल ने उन्हें और उनकी बेटी दोनों को डरा दिया था. उन्होंने एयरलाइंस की भी तारीफ की और कहा कि कठिन हालात में भी उन्होंने यात्रियों की मदद की.

लारा दत्ता ने यह भी कहा कि इस पूरे अनुभव का असर उनकी बेटी सायरा पर भी पड़ा है. उनके अनुसार इतनी कम उम्र में ऐसे हालात देखना किसी भी बच्चे के लिए आसान नहीं होता. उन्होंने कहा कि संभव है कि इस अनुभव के कारण उनकी बेटी को कुछ समय तक डर महसूस हो. हालांकि अब दोनों सुरक्षित भारत लौट आए हैं और धीरे धीरे सामान्य जीवन में वापस आ रहे हैं.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here