टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में बड़ा खुलासा, हरियाणा के सोनीपत से 12वां आरोपी गिरफ्तार

0
5

नई दिल्ली: अभिनेता टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर हुई फायरिंग के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच को एक और कामयाबी मिली है। पुलिस ने केस के 12वें आरोपी को हरियाणा के सोनीपत से गिरफ्तार किया है। उसे ट्रांजिट रिमांड पर मुंबई लाया जा रहा है। 18 अक्टूबर को जुहू में हुई इस घटना में टाइगर के ड्राइवर समेत तीन लोग घायल हुए थे, जबकि अभिनेता सुरक्षित बच गए थे।

इससे पहले जांच के दौरान पुलिस ने गुजरात के सूरत से दो हथियार और 10 जिंदा कारतूस बरामद किए थे। अधिकारियों को शक है कि इन हथियारों का इस्तेमाल टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर हुई फायरिंग में किया गया था। यह मामला डीसीबी सीआईडी के क्राइम रजिस्टर नंबर 143/26 के तहत दर्ज है। शुरुआत में इसमें भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1) और 3(5) के साथ शस्त्र अधिनियम की धारा 3 और 25 लगाई गई थीं। पुलिस आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है और हमले की पूरी योजना का पता लगाने की कोशिश कर रही है।

फायरिंग केस में मकोका भी लगाया गया

मुंबई पुलिस ने इस मामले में महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण कानून यानी मकोका भी लगा दिया है। अधिकारियों के मुताबिक, 27 अक्टूबर को सक्षम अधिकारी से कानून की धारा 23(1)(a) के तहत मंजूरी मिलने के बाद यह फैसला लिया गया। इसके बाद केस में मकोका की धाराएं 3(1)(ii), 3(2) और 3(4) भी जोड़ दी गईं। मकोका लगाए जाने के बाद पुलिस की जांच का दायरा बढ़ गया है। जांचकर्ता यह पता लगाने में जुटे हैं कि फायरिंग के पीछे कौन लोग थे और आरोपियों के बीच क्या संबंध हैं। जांच जारी है।

18 अक्टूबर को जुहू में हुई थी फायरिंग

यह घटना 18 अक्टूबर की शाम मुंबई के जुहू इलाके में पुष्पा पार्क के पास हुई थी। पुलिस के मुताबिक, अज्ञात हमलावरों ने टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर गोलियां चलाई थीं। इस दौरान अभिनेता के ड्राइवर और दो अन्य लोग घायल हो गए। घायलों में एक ऑटो रिक्शा चालक भी शामिल बताया गया था। पुलिस ने स्पष्ट किया था कि टाइगर श्रॉफ को कोई चोट नहीं आई और वह सुरक्षित हैं। खबरों के मुताबिक, घटना के समय वह खेलकर लौट रहे थे। अब 12वीं गिरफ्तारी और सूरत से हथियारों की बरामदगी के बाद जांच टीम पूरे घटनाक्रम और इसमें शामिल लोगों की भूमिका का पता लगा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here