नई दिल्ली: फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और उनकी पत्नी ब्रिगिट मैक्रों इस समय सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बने हुए है. बता दें, पिछले साल विदेश दौरे के दौरान विमान से उतरते समय दोनों का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था, जिसमें ब्रिगेट मैक्रों राष्ट्रपति को थप्पड़ मारती नजर आई थी. उस समय इस वीडियो को लेकर काफी चर्चा हुई थी, लेकिन अब एक नई किताब और कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के बाद इस घटना को लेकर एक बार फिर से शुरू हो गई है और इस घटना को लेकर नए पहलू सामने आए हैं.
ईरानी एक्ट्रेस जुड़ा मामला
फ्रांसीसी पत्रकार फ्लोरियन टार्डिफ ने एक इंटरव्यू में दावा किया है कि इस विवादित घटना के पीछे ईरानी एक्ट्रेस गोल्शिफ्तेह फराहानी से जुड़ा मामला हो सकता है. पत्रकार के अनुसार, ब्रिगेट मैक्रों ने कथित तौर पर अपने पति के फोन में एक्ट्रेस का एक आपत्तिजनक संदेश देखा था, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया था. बताया जा रहा है कि यह घटना मई 2025 में उस समय हुई थी, जब राष्ट्रपति दंपति वियतनाम की राजधानी हनोई गए थे.
इतना ही नहीं कुछ अंतरराष्ट्रीय मीडिया रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया कि अभिनेत्री और राष्ट्रपति मैक्रों के बीच कई महीनों से करीबी संबंध थे. हालांकि इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. सोशल मीडिया पर भी इस मुद्दे को लेकर कई तरह की चर्चाएं और अटकलें लगातार सामने आ रही हैं.
अभिनेत्री से कोई संबंध नहीं
दूसरी ओर, फ्रांस की प्रथम महिला के प्रतिनिधियों ने इन सभी दावों को सिरे से खारिज कर दिया है. ब्रिगेट मैक्रों ने साफ कहा कि वह कभी अपने पति का मोबाइल फोन चेक नहीं करतीं और थप्पड़ वाली घटना का किसी अभिनेत्री से कोई संबंध नहीं था. वहीं गोलशिफ्तेह फराहानी ने भी राष्ट्रपति मैक्रों के साथ किसी भी तरह के रिश्ते की खबरों को अफवाह बताया है.
घटना के वायरल होने के बाद राष्ट्रपति मैक्रों की टीम ने पहले वीडियो की इस खबर की सत्यता पर सवाल उठाए थे और बाद में इसे पति-पत्नी के बीच हल्का-फुल्का मजाक बताया था. हालांकि घटना के एक साल बाद भी यह मामला सोशल मीडिया और मीडिया रिपोर्ट्स में लगातार चर्चा का विषय बना हुआ है.















