मौसम का बदला समीकरण! आंधी और बारिश का अलर्ट, जानिए आपके राज्य में कब आ रहा है मॉनसून

0
6
Weather Update
AI Generated Image

नई दिल्ली: देश के बड़े हिस्से में भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों के लिए राहत की खबर है. दक्षिण-पश्चिम मॉनसून तेजी से आगे बढ़ रहा है और आने वाले दिनों में उत्तर, मध्य और पश्चिमी भारत के राज्यों में बारिश की गतिविधियां काफी तेज होने वाली हैं. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, हवाओं में बढ़ती नमी, बादलों की लगातार आवाजाही के कारण मॉनसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल हो चुकी हैं.

शनिवार को 16 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने शनिवार, 27 जून को देश के 16 राज्यों में आंधी, तूफान और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. इन राज्यों में शामिल हैं. उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, दिल्ली, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर. गुजरात, महाराष्ट्र, राजस्थान, तमिलनाडु और कर्नाटक. पश्चिम बंगाल और असम.

तापमान में गिरावट

दक्षिण भारत के तेलंगाना, कोंकण, गोवा और मध्य महाराष्ट्र में मध्यम से भारी बारिश के चलते तापमान में गिरावट आएगी. जिससे उमस से राहत मिलेगी। भारी बारिश के कारण स्थानीय स्तर पर जलभराव और यातायात प्रभावित होने की आशंका भी जताई गई है. पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के कुछ हिस्सों में धूल भरी आंधी चलने की चेतावनी है, जिससे देखने की क्षमता प्रभावित हो सकती है.

कहां तक पहुंचा मॉनसून?

मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, 26 जून तक मॉनसून की उत्तरी सीमा  सूरत, इंदौर, मंडला, डाल्टेनगंज और मोतिहारी से होकर गुजर रही है. अगले 3 से 4 दिनों के भीतर मॉनसून के पूरे गुजरात, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के बचे हुए हिस्सों में दस्तक देने की प्रबल संभावना है.

मॉनसून के लिए करना होगा जुलाई का इंतजार

भीषण गर्मी झेल रहे दिल्ली-एनसीआर के लोगों को मॉनसून के लिए अभी थोड़ा और इंतजार करना होगा. पहले जहां मौसम विभाग ने 27 जून तक दिल्ली में मॉनसून के आगमन की उम्मीद जताई थी. वहीं अब इसके जुलाई के पहले सप्ताह में पहुंचने का अनुमान है. भले ही मुख्य मॉनसून में देरी हो, लेकिन दिल्ली-एनसीआर में प्री-मॉनसून गतिविधियां सक्रिय रहेंगी.

कल कैसा रहेगा मौसम 

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 27 जून को आसमान में बादल छाए रहेंगे और बारिश होने का अनुमान है. 28 जून को तेज धूल भरी हवाएं चल सकती हैं. 29 और 30 जून को गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ेंगी. 1 जुलाई को दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में झमाझम बारिश होने की संभावना है, जिससे मौसम सुहावना हो जाएगा.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here