दिल्ली से ओडिशा तक मौसम का यू-टर्न, 12 राज्यों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट, IMD ने जारी की चेतावनी

0
10
Weather
Weather

नई दिल्ली: बंगाल की खाड़ी में बने नए मौसमी सिस्टम ने एक बार फिर देश के कई हिस्सों में बारिश का दौर तेज कर दिया है. दिल्ली-एनसीआर से लेकर ओडिशा और पूर्वोत्तर तक मौसम का मिजाज बदलने वाला है. मौसम विभाग ने कई राज्यों में भारी बारिश, तेज हवाओं और आकाशीय बिजली को लेकर अलर्ट जारी किया है. कुछ इलाकों में पहले से ही बाढ़ और भूस्खलन ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं.

दक्षिण बंगाल और उससे सटे बांग्लादेश के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र विकसित हुआ है. मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दो से तीन दिनों में यह सिस्टम और मजबूत हो सकता है. इसके अलावा राजस्थान, उत्तर प्रदेश और झारखंड से होते हुए बंगाल की खाड़ी तक बनी मानसूनी ट्रफ भी बारिश को बढ़ावा दे रही है. समुद्र में खराब मौसम को देखते हुए मछुआरों को सावधानी बरतने और समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है.

इन 12 राज्यों में बारिश और आंधी का अलर्ट

मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में मौसम खराब रहने की चेतावनी दी है. इन राज्यों के कई हिस्सों में भारी बारिश के साथ तेज आंधी चल सकती है. कुछ इलाकों में हवाओं की रफ्तार 60 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है. मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और कमजोर ढांचों से दूर रहने की अपील की है.

दिल्ली-NCR में अगले पांच दिन बारिश

राष्ट्रीय राजधानी और आसपास के इलाकों में आने वाले दिनों में मौसम सुहाना रहने के साथ बारिश का दौर जारी रह सकता है. भारत मौसम विज्ञान विभाग ने दिल्ली-एनसीआर में अगले पांच दिनों तक बारिश की संभावना जताई है. शुरुआत में हल्की बारिश हो सकती है, जबकि सप्ताह के बीच में कुछ इलाकों में मध्यम बारिश होने का अनुमान है. कई स्थानों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. लोगों को गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी गई है. नोएडा में 28 और 29 जुलाई को आसमान में बादल छाए रहने और बीच-बीच में बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है. 30 जुलाई को भी मौसम में खास बदलाव नहीं होगा और कई जगहों पर रुक-रुककर बारिश हो सकती है.

यूपी के कई जिलों में तेज बारिश का अनुमान

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में 27 जुलाई को भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की गई है. मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, बिजनौर, मुरादाबाद, बरेली, कानपुर, बदायूं, रामपुर और मैनपुरी समेत कई जिलों में मौसम खराब रह सकता है. इसके अलावा ललितपुर, सीतापुर, हरदोई, बहराइच, कन्नौज, कुशीनगर, प्रयागराज, गोरखपुर और देवरिया में भी बारिश और आंधी की संभावना जताई गई है. लखनऊ में अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है.

बिहार में आकाशीय बिजली का खतरा

बिहार में भी मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. पटना, गया, सारण, जहानाबाद, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, पूर्णिया, सहरसा, सुपौल, मधेपुरा और कटिहार में बारिश का अनुमान है. अररिया, किशनगंज, भागलपुर, बांका, मुंगेर, जमुई और चंपारण के दोनों जिलों में भी मौसम खराब रह सकता है. इस दौरान तेज हवाओं के साथ आकाशीय बिजली गिरने का खतरा बना रहेगा. कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.

हिमाचल में भारी बारिश से बढ़ी मुश्किलें

हिमाचल प्रदेश में बारिश और भूस्खलन का असर लगातार दिखाई दे रहा है. राज्य के कई हिस्सों में अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन के कारण बड़ी संख्या में सड़कें बंद हैं. राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र के अनुसार, प्रदेश में करीब 135 सड़कें आवाजाही के लिए बंद हैं. कुल्लू में सबसे अधिक सड़कें प्रभावित हुई हैं. इसके अलावा मंडी, शिमला, चंबा, कांगड़ा, लाहौल-स्पीति, सिरमौर और ऊना में भी सड़कें बंद हैं. मौसम विभाग ने 28 से 31 जुलाई के बीच कुछ जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.

ओडिशा में डिप्रेशन और रेड अलर्ट

बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव का क्षेत्र अब डिप्रेशन में बदल चुका है. इसके कारण ओडिशा के कई हिस्सों में तेज बारिश हो रही है. मौसम विभाग के अनुसार, यह सिस्टम उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ सकता है और अगले 24 घंटे में और मजबूत होकर डीप डिप्रेशन में बदलने की संभावना है.  अनुमान है कि यह सिस्टम 27 जुलाई की सुबह या दोपहर के आसपास पारादीप और सागर द्वीप के बीच उत्तरी ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तटों को पार कर सकता है. ओडिशा के कई जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है. जाजपुर, केंद्रपाड़ा, जगतसिंहपुर, कटक, अंगुल और ढेंकनाल में कुछ स्थानों पर बेहद भारी बारिश हो सकती है. प्रशासन और लोगों को मौसम की स्थिति पर नजर रखने की सलाह दी गई है.

पश्चिम बंगाल में भी कई जिलों में भारी बारिश

उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम का असर दक्षिण बंगाल के कई जिलों पर पड़ने वाला है. मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में व्यापक बारिश का अनुमान जताया है. कोलकाता में सोमवार को हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक हो सकती है. इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है. दक्षिण 24 परगना, पूर्व मेदिनीपुर, पश्चिम मेदिनीपुर, पश्चिम बर्दवान, झाड़ग्राम, पुरुलिया और बांकुड़ा में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है.

तमिलनाडु में 31 जुलाई तक बारिश

तमिलनाडु के पश्चिमी घाट से जुड़े जिलों में 31 जुलाई तक मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है. मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के तटीय हिस्सों के ऊपर बने कमजोर वायुमंडलीय सिस्टम के कारण बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं. लंबे समय से सूखे मौसम का सामना कर रहे पश्चिमी घाट के जिलों को इस बारिश से राहत मिलने की उम्मीद है. हालांकि, मौसम विभाग ने लोगों से स्थानीय चेतावनियों पर ध्यान देने और तेज बारिश के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here