19 राज्यों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट, दिल्ली-UP समेत कई राज्य निशाने पर

0
7
Weather Alert
Weather Alert

नई दिल्ली: देशभर में मॉनसून एक बार फिर जोर पकड़ता नजर आ रहा है. कई राज्यों में बारिश, तेज हवाओं और गरज-चमक का दौर जारी है. मौसम विभाग (IMD) ने 12 अगस्त को 19 राज्यों में भारी बारिश और आंधी-तूफान को लेकर अलर्ट जारी किया है. कुछ इलाकों में हवाओं की रफ्तार 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जबकि पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा बना हुआ है. मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, दिल्ली, बिहार, हरियाणा, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात, महाराष्ट्र, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और केरल में बारिश के साथ तेज हवाओं की संभावना जताई है.

दिल्ली-NCR में फिर बारिश का दौर

दिल्ली-NCR में बुधवार को भी बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है. इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और भारी बारिश की संभावना है. दिल्ली में अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 29 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.

यूपी के कई जिलों में आंधी-पानी का अलर्ट

उत्तर प्रदेश के मेरठ, गौतम बुद्ध नगर, अलीगढ़, आगरा, मथुरा, कानपुर, बहराइच, बलरामपुर, वाराणसी, चंदौली, सोनभद्र, मिर्जापुर, प्रयागराज, गोरखपुर समेत कई जिलों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट है. कुछ जगहों पर हवाएं 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक चल सकती हैं. लखनऊ में अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम 29 डिग्री रहने का अनुमान है.

बिहार और झारखंड में भी बिगड़ेगा मौसम

बिहार के पटना, गया, पश्चिमी और पूर्वी चंपारण, सीवान, रोहतास, औरंगाबाद, बक्सर, सारण, भोजपुर, मुजफ्फरपुर, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, किशनगंज, कटिहार, अररिया, बेगूसराय और भागलपुर में बारिश के साथ तेज हवाओं की संभावना है. हवाओं की रफ्तार 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक हो सकती है. झारखंड के पलामू, लातेहार, गुमला, गढ़वा, सिमडेगा, रांची, पश्चिमी सिंहभूम, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, साहिबगंज, रामगढ़, हजारीबाग, जमशेदपुर और चतरा में भी भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है. यहां हवाएं 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक चल सकती हैं.

पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन का खतरा

उत्तराखंड के नैनीताल, देहरादून, हरिद्वार, ऋषिकेश, चमोली, रुद्रप्रयाग, अल्मोड़ा, बागेश्वर और चंपावत में भारी बारिश की चेतावनी है. हवाओं की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. लगातार बारिश के कारण पहाड़ी रास्तों पर भूस्खलन और सड़क बाधित होने का खतरा है. हिमाचल प्रदेश के चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, सोलन, बिलासपुर, किन्नौर, लाहौल-स्पीति और सिरमौर में भी तेज बारिश और आंधी की संभावना है. यहां 60 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. जम्मू-कश्मीर के कई जिलों में भी 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की हवाओं के साथ बारिश का अलर्ट है.

बंगाल, पंजाब और राजस्थान में भी बारिश

पश्चिम बंगाल के कई जिलों में भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का अनुमान है. पंजाब के लुधियाना, पठानकोट, बरनाला, चंडीगढ़, जालंधर, पटियाला और गुरदासपुर में भी मौसम खराब रह सकता है. राजस्थान के बूंदी, चित्तौड़गढ़, कोटा, उदयपुर, जयपुर, अजमेर और भरतपुर समेत कई इलाकों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की हवाओं के साथ भारी बारिश हो सकती है.

मध्य प्रदेश में भी जारी रहेगा बारिश का दौर

मध्य प्रदेश के भोपाल, इंदौर, नर्मदापुरम, उज्जैन, देवास, खंडवा, गुना, मुरैना, श्योपुर, विदिशा, नीमच, उमरिया, छिंदवाड़ा और कटनी समेत कई जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट है. यहां हवाएं 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक चल सकती हैं. IMD ने लोगों को खराब मौसम में सावधानी बरतने की सलाह दी है.

लो प्रेशर एरिया से बढ़ी बारिश

IMD के मुताबिक, उत्तर-पश्चिमी मध्य प्रदेश और आसपास बना कम दबाव का क्षेत्र बारिश की प्रमुख वजह है. इसके अलावा मॉनसून ट्रफ राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, झारखंड और पश्चिम बंगाल से होते हुए बंगाल की खाड़ी तक फैली है. 12 अगस्त के आसपास उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में एक और कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है.

दक्षिण भारत में भी बारिश के आसार

तटीय कर्नाटक और केरल में व्यापक बारिश हो सकती है. आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु और तेलंगाना के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है. आने वाले दिनों में पश्चिमी हिमालय, ओडिशा, गंगीय पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और कोंकण-गोवा समेत कई क्षेत्रों में बारिश जारी रहने का अनुमान है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here