नई दिल्ली: बीजेपी ने अपनी सोशल मीडिया और मीडिया टीम में बड़ा फेरबदल कर दिया है। पार्टी के आईटी सेल हेड अमित मालवीय को पद से हटाकर उनकी जगह छत्तीसगढ़ के नेता दीपक म्हस्के को राष्ट्रीय सोशल मीडिया संयोजक बनाया गया है। इस बदलाव को पार्टी के डिजिटल कैंपेन को और तेज करने की तैयारी के तौर पर देखा जा रहा है।
कौन हैं दीपक म्हस्के?
दीपक म्हस्के छत्तीसगढ़ बीजेपी में लंबे समय से संगठन और मीडिया काम देख रहे हैं। वो पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। हाल ही में उन्हें CGMSC यानी छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन का अध्यक्ष भी बनाया गया था।
अब राष्ट्रीय स्तर पर सोशल मीडिया की कमान मिलने के बाद छत्तीसगढ़ बीजेपी इसे बड़ी उपलब्धि मान रही है। म्हस्के के पास ग्राउंड संगठन और मीडिया दोनों का अनुभव है।
मीडिया और सोशल मीडिया विंग की नई टीम
नई नियुक्तियों में अनिल बलूनी को मीडिया संयोजक बनाया गया है। उनके साथ आशीष उषा अग्रवाल, प्रदीप भंडारी और सिद्धार्थ यादव को मीडिया सह-संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है।
सोशल मीडिया विंग में दीपक म्हस्के संयोजक होंगे। उनके साथ प्रीति गांधी, शिवानंद द्विवेदी, आलोक भट्ट और अरुण यादव को सोशल मीडिया सह-संयोजक बनाया गया है।
मालवीय ने दी नई टीम को बधाई
पद से हटने के बाद अमित मालवीय ने X पर पोस्ट कर नई टीम को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लिखा कि ये नियुक्तियां ऐसे समय पर हुई हैं जब पार्टी अपने संदेश और संगठन को देश के हर कोने तक पहुंचाने की तैयारी कर रही है।
मालवीय ने खास तौर पर दीपक म्हस्के को बधाई दी और कहा कि उन्होंने पिछले एक दशक में इन सभी के साथ मिलकर काम किया है। उन्हें भरोसा है कि इनके नेतृत्व में बीजेपी का डिजिटल कम्युनिकेशन नई ऊंचाइयां छुएगा।
उन्होंने आगे कहा, “पार्टी का डिजिटल संवाद दृढ़ता, रचनात्मकता और स्पष्टता के साथ भारत के सार्वजनिक विमर्श को आगे भी दिशा देता रहेगा।” साथ ही उन्होंने बीजेपी के सोशल मीडिया पर मौजूद बड़े समर्थन आधार का भी धन्यवाद किया।
क्या बदलेगा?
पार्टी सूत्रों के मुताबिक 2026 के चुनावों को देखते हुए बीजेपी अपने डिजिटल विंग को और मजबूत करना चाहती है। अनिल बलूनी मीडिया और दीपक म्हस्के सोशल मीडिया संभालेंगे।
इस कॉम्बो से पार्टी का ऑनलाइन और ऑफलाइन संदेश बेहतर तालमेल के साथ जनता तक पहुंचाने की योजना है। अमित मालवीय के कार्यकाल में बीजेपी का IT सेल सबसे ताकतवर बना था। अब देखना होगा कि नई टीम इसे किस दिशा में ले जाती है।












