मुंबई: साउथ के मशहूर म्यूजिक कंपोजर अनिरुद्ध रविचंदर और IPL टीम सनराइजर्स हैदराबाद की मालकिन काव्या मारन की शादी की खबरों ने सोशल मीडिया पर हलचल बढ़ा दी है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक दोनों 11 नवंबर 2026 को ग्रीस में शादी के बंधन में बंध सकते हैं। रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि यह शादी बेहद प्राइवेट सेरेमनी होगी, जिसमें सिर्फ करीबी परिवार और दोस्त शामिल होंगे। शादी के बाद चेन्नई में एक ग्रैंड रिसेप्शन की तैयारी है, जिसमें फिल्म इंडस्ट्री और क्रिकेट जगत की बड़ी हस्तियों के शामिल होने की उम्मीद है।
रिसेप्शन की तारीख में बदलाव?
शुरुआत में खबरें थीं कि चेन्नई रिसेप्शन 14 नवंबर को होगा, लेकिन अब नई रिपोर्ट्स में इसे 21 नवंबर बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि रिसेप्शन के लिए चेन्नई के एक फाइव स्टार होटल को बुक किया गया है। हालांकि तारीख बदलने की वजह क्या है, इसे लेकर कोई जानकारी सामने नहीं आई है। गौर करने वाली बात है कि अनिरुद्ध और काव्या दोनों की तरफ से अभी तक शादी या रिसेप्शन को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
तमिलनाडु के CM को भेजा गया न्योता
खबरों के मुताबिक तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय को भी इस शादी का निमंत्रण भेजा गया है। कहा जा रहा है कि शादी के कार्ड बांटे जाने शुरू हो गए हैं, लेकिन गेस्ट लिस्ट को लेकर पूरी तरह से गोपनीयता बरती जा रही है।
कौन हैं अनिरुद्ध और काव्या
अनिरुद्ध रविचंदर साउथ इंडस्ट्री के सबसे पॉपुलर म्यूजिक कंपोजर्स में से एक हैं। उन्होंने साल 2012 में फिल्म ‘3’ के गाने ‘व्हाई दिस कोलावेरी दी’ से देशभर में पहचान बनाई थी। इसके बाद उन्होंने ‘जेलर’, ‘जवान’, ‘विक्रम’ जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों में हिट म्यूजिक दिया है। इन दिनों वह ‘जेलर 2’ के म्यूजिक पर काम कर रहे हैं।
वहीं काव्या मारन सन ग्रुप के चेयरमैन कलानिधि मारन की बेटी हैं और सनराइजर्स हैदराबाद की सीईओ हैं। IPL के दौरान वह अक्सर स्टेडियम में अपनी टीम को सपोर्ट करते हुए नजर आती हैं और उनकी फैन फॉलोइंग भी जबरदस्त है।












