अमेरिका से भिड़ा कनाडा, ट्रेड वॉर के बीच PM कार्नी ने दी करारा जवाब देने की चेतावनी

0
5
Canada-US trade war
Canada-US trade war

नई दिल्ली: अमेरिका और कनाडा के बीच व्यापारिक रिश्तों में एक बार फिर तनाव गहरा गया है. दोनों देशों के बीच शुक्रवार को हुई बातचीत बेनतीजा रहने के बाद कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने अमेरिका पर व्यापार युद्ध शुरू करने का आरोप लगाया है. उन्होंने साफ कहा कि कनाडा अमेरिकी दबाव के आगे झुकने वाला नहीं है और नए अमेरिकी टैरिफ का जवाब बराबर शुल्क लगाकर दिया जाएगा.

मार्क कार्नी के मुताबिक, अमेरिका की ओर से बातचीत के दौरान रखी गई नई शर्तें कनाडा के लिए उचित नहीं थीं. उन्होंने इन्हें गैर-आर्थिक और अन्यायपूर्ण बताते हुए कहा कि इन शर्तों को स्वीकार करने से कनाडा को मिलने वाला फायदा काफी कम हो जाता. कार्नी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर व्यापार युद्ध शुरू करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि जब किसी देश पर हमला होता है तो वह युद्ध की स्थिति में होता है और कनाडा पर हमला हुआ है. कनाडाई प्रधानमंत्री ने स्पष्ट किया कि उनका देश अमेरिकी मांगों को स्वीकार नहीं करेगा.

बातचीत विफल होने के बाद अमेरिका ने कनाडा से आने वाले करीब 20 अरब डॉलर के सामान पर 50 प्रतिशत तक नए टैरिफ लागू कर दिए हैं. यह शुल्क कनाडा के अमेरिका को होने वाले कुल निर्यात के लगभग 5.5 प्रतिशत हिस्से को प्रभावित करेगा. प्रभावित सामान में हॉकी स्टिक से लेकर सीमेंट तक कई उत्पाद शामिल हैं.

कनाडा देगा बराबर टैरिफ का जवाब

कार्नी ने कहा कि कनाडा अमेरिकी टैरिफ का जवाब ‘डॉलर के बदले डॉलर’ के आधार पर देगा. उन्होंने कहा कि कनाडाई सरकार अपने श्रमिकों, किसानों, परिवारों और कारोबारों के हितों की रक्षा के लिए अमेरिका से आने वाले कुछ उत्पादों पर जवाबी शुल्क लगाएगी. नए कनाडाई टैरिफ मुख्य रूप से अमेरिकी इस्पात और डेयरी उत्पादों को निशाना बनाएंगे. ये शुल्क 8 सितंबर से लागू होने की बात कही गई है. सरकार की ओर से अगले सप्ताह इसकी विस्तृत जानकारी दिए जाने की उम्मीद है.

अमेरिका ने रखा था टैरिफ घटाने का प्रस्ताव

अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जैमीसन ग्रीर ने कहा कि वाशिंगटन ने बातचीत के दौरान कनाडा को स्टील, एल्युमीनियम, ऑटोमोबाइल और लकड़ी पर महत्वपूर्ण टैरिफ कटौती का प्रस्ताव दिया था. इसके बदले अमेरिका कनाडा से कुछ रियायतें चाहता था.

कनाडा लंबे समय से ट्रंप प्रशासन की ओर से ऑटोमोबाइल, स्टील और एल्युमीनियम पर लगाए गए शुल्क में राहत की मांग कर रहा है. कनाडा का कहना है कि इन टैरिफ का असर उसकी अर्थव्यवस्था, उद्योगों और रोजगार पर पड़ा है. वहीं, व्हाइट हाउस ने कनाडा पर अमेरिकी शराब, ऑटोमोबाइल और डेयरी उत्पादों के साथ भेदभावपूर्ण व्यवहार करने का आरोप लगाया है. ऐसे में दोनों पड़ोसी देशों के बीच व्यापार को लेकर पुराना तनाव अब नए टैरिफ युद्ध में बदलता दिखाई दे रहा है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here