गोवर्धन पूजा पर देश-विदेश के श्रद्धालुओं का संगम, सात कोस में गूंजे गिरिराज महाराज के जयकारे

0
13

मथुरा: गोवर्धन की पावन धरा पर मंगलवार को आस्था और संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला। सात समंदर पार से आए विदेशी श्रद्धालु भी ब्रज की परंपराओं में ऐसे रचे-बसे नजर आए कि देश और विदेश का अंतर मिटता दिखाई दिया। कोई भारतीय वेशभूषा धारण कर सिर पर अन्नकूट की छबरिया उठाए गिरिराज महाराज की ओर बढ़ रहा था तो कोई भजन-कीर्तन की धुन पर झूमते हुए परिक्रमा कर रहा था। अलग-अलग भाषा, वेशभूषा और संस्कृति के लोगों की एक ही पहचान थी- गिरिराज महाराज के प्रति अटूट श्रद्धा।

गोवर्धन पूजा और अन्नकूट महोत्सव में भारी भीड़

गोवर्धन में गोवर्धन पूजा और अन्नकूट महोत्सव के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही गिरिराज पर्वत की तलहटी में धार्मिक आयोजनों का सिलसिला शुरू हो गया। श्रद्धालुओं ने दूध की धार से गिरिराजजी का अभिषेक किया और अन्नकूट के पकवानों से भोग लगाया। 21 किलोमीटर लंबे सप्तकोसीय परिक्रमा मार्ग पर दिनभर भक्तों का रेला लगा रहा। गिरिराज महाराज के जयकारों और भजनों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं को कदम रखने तक की जगह नहीं मिली।

ब्रज के गांवों से श्रद्धालु और पारंपरिक आयोजन

गोवर्धन पूजा की परंपरा को जीवंत रखने के लिए ब्रज के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। नंदगांव, बरसाना, गोवर्धन, आन्यौर, जतीपुरा, राधाकुंड और परासौली के ब्रजवासियों ने घरों में तैयार किए गए कच्चे-पक्के पकवान छबरियों में सजाए और सामूहिक रूप से गिरिराजजी को अर्पित किए। ब्रजनिष्ठ संत कन्हैया बाबा के सानिध्य में आन्यौर स्थित ऐतिहासिक अन्नकूट स्थल पर परंपरागत आयोजन हुआ। यहां श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से अन्नकूट का भोग लगाकर द्वापरयुगीन परंपरा का निर्वहन किया। राधाकुंड मार्ग स्थित गौड़ीय मठ से भी बड़ी संख्या में भक्त छबरियां लेकर पहुंचे। राधाकुंड परिक्रमा मार्ग में दूध और अन्य पदार्थों से पंचामृत अभिषेक किया गया।

मंदिरों में अन्नकूट और विदेशी श्रद्धालुओं की भागीदारी

मुकुट मुखारविंद मंदिर के सेवायत परिवार की महिलाओं ने भी सिर पर अन्नकूट की छबरिया रखकर गिरिराजजी की पूजा की। हरदेव मंदिर में गोस्वामी समाज ने भव्य अन्नकूट महोत्सव आयोजित किया। वहीं दानघाटी मंदिर और मुकुट मुखारविंद मंदिर के सेवायत समाज की ओर से भी ठाकुरजी को अन्नकूट का भोग समर्पित किया गया। पूरे आयोजन के दौरान विदेशी श्रद्धालुओं की भागीदारी विशेष आकर्षण रही। भारतीय संस्कृति और ब्रज की परंपराओं को आत्मसात कर रहे विदेशी भक्तों को देखकर गोवर्धन में मानो पूरा विश्व एक ही भक्ति सूत्र में बंधा नजर आया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here