FBI के शिकंजे में गैंगस्टर हिमांशु भाऊ, जल्द भारत लाए जाने की बढ़ी उम्मीद

0
5

नई दिल्ली: उत्तर भारत के मोस्ट वांटेड गैंगस्टर्स में शामिल हिमांशु भाऊ को आखिरकार चार साल की लंबी तलाश के बाद अमेरिका में हिरासत में ले लिया गया है। इंटरपोल ने उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया था। वह लॉरेंस बिश्नोई गैंग का कट्टर दुश्मन माना जाता है और दिल्ली-हरियाणा में हत्या, फायरिंग और करोड़ों की रंगदारी के कई केसों में वांटेड है।

सूत्रों के मुताबिक भारतीय एजेंसियों की खुफिया जानकारी पर अमेरिका की FBI ने उसे लास वेगास-नेवादा इलाके से पकड़ा है। अधिकारियों का कहना है कि अगले कुछ दिनों में उसे भारत लाने की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। भारत की सुरक्षा एजेंसियां 2022 से उसकी तलाश कर रही थीं।

स्कूल के दिनों से जुर्म की दुनिया में

हिमांशु भाऊ की उम्र करीब बीस साल के आसपास है, लेकिन इतनी कम उम्र में ही वह उत्तर भारत के सबसे खतरनाक भगोड़ों में गिना जाता है। वह हरियाणा के रोहतक जिले के रिठौली गांव का रहने वाला है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार वह स्कूल में पढ़ाई के दौरान ही अपराध की दुनिया से जुड़ गया था। पुलिस रिकॉर्ड में उसका नाम पहली बार 2020 में आया, जब उसके गांव में आपसी रंजिश में उसकी हत्या की कोशिश हुई। उस वक्त वह नाबालिग था, इसलिए उसे हिरासत में लेकर हिसार के बाल सुधार गृह भेजा गया। लेकिन वह वहां से फरार हो गया और फिर हिंसक अपराधों की राह पकड़ ली।

देश से भागकर विदेश में बनाया नेटवर्क

शुरुआत में उसने नीरज बवाना और नवीन बाली जैसे कुख्यात गैंग के साथ मिलकर काम किया। धीरे-धीरे उसने रोहतक, झज्जर, सोनीपत और दिल्ली-एनसीआर में अपना मजबूत नेटवर्क खड़ा कर लिया। पुलिस का शिकंजा कसता देख 2022 में वह देश से भागने की योजना बनाने लगा। एक जांच अधिकारी ने बताया कि मार्च 2022 में उसने सिर्फ 24 दिन के अंदर तीन हत्याएं कर दीं। इसी साल वह फर्जी दस्तावेजों पर पासपोर्ट बनवाकर पहले दुबई और फिर पुर्तगाल जैसे देशों में चला गया, जहां से वह एन्क्रिप्टेड ऐप के जरिए अपने गुर्गों को निर्देश देता रहा।

डंकी रूट से पहुंचा अमेरिका

जांच एजेंसियों को शक है कि वह 2024 के अंत से 2025 की शुरुआत के बीच डंकी रूट से अमेरिका पहुंचा था। विदेश में रहते हुए भी उसका सिंडिकेट लगातार सक्रिय रहा। राजौरी गार्डन में एक फेमस फास्ट-फूड चेन में दुश्मन की हत्या, नारायणा और तिलक नगर में कार शोरूम पर ताबड़तोड़ फायरिंग और दिल्ली-एनसीआर के बिल्डरों व कारोबारियों से करोड़ों की रंगदारी मांगने जैसी वारदातों की जिम्मेदारी उसके गैंग ने ली है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here