मुजफ्फरपुर: जिस दरवाजे से बेटी डोली में विदा हुई थी, उसी दरवाजे पर उसकी चिता जल उठी। बिहार के मुजफ्फरपुर में 19 साल की गुंजा की संदिग्ध मौत के बाद ऐसा विवाद हुआ कि मायके वालों ने ससुराल के मुख्य दरवाजे पर ही उसका अंतिम संस्कार कर दिया। परिवार ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ना का आरोप लगाया है। मामला मुशहरी थाना क्षेत्र के रजवाड़ा डीह गांव का है। मृतका गुंजा कुमारी कांटी की रहने वाली थी। उसकी शादी इसी साल 23 जनवरी को रजवाड़ा डीह के पलटन पासवान के बेटे कुंदन कुमार से हुई थी। दोनों ने प्रेम प्रसंग के बाद शादी की थी। शादी को अभी एक साल भी पूरा नहीं हुआ था कि गुंजा की मौत की खबर आ गई।
परिजनों के मुताबिक, रात करीब 12 बजे उन्हें स्थानीय वार्ड सदस्य के जरिए इसकी सूचना मिली। खबर सुनकर मायके पक्ष के लोग ससुराल पहुंचे और मौत पर सवाल उठाए। उनका आरोप है कि ससुराल वाले चुपचाप शव जलाने की तैयारी में थे। यह भी दावा किया गया कि मायके वालों के पहुंचते ही ससुराल के लोग घर छोड़कर चले गए।
गले पर निशान, दहेज का आरोप
गुंजा की मां मंजू देवी और मामा छोटू कुमार ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए परेशान करने का आरोप लगाया। उनके अनुसार, गुंजा के गले पर गहरे निशान थे, इसलिए उन्होंने मौत को संदिग्ध बताया और जांच व न्याय की मांग की। परिवार का कहना है कि वे धनतेरस पर दहेज का सामान देने की तैयारी कर रहे थे। शादी के बाद से ही गुंजा को लगातार परेशान किया जा रहा था।
ससुराल के दरवाजे पर क्यों हुआ अंतिम संस्कार
सूचना मिलने पर मुशहरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने परिजनों को समझाया और शव अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SKMCH) भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इसके बाद न्याय की मांग करते हुए मायके वालों ने ससुराल के मुख्य दरवाजे पर ही गुंजा का अंतिम संस्कार कर दिया।
पति समेत चार पर केस
गुंजा के पिता रंजीत पासवान की शिकायत पर पुलिस ने पति कुंदन कुमार समेत चार लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज किया है। नामजद लोगों में कुंदन का भाई चंदन पासवान, बहन प्रियंका और भाभी सुलेखा भी शामिल हैं। मुशहरी थानाध्यक्ष सुबोध मेहता के अनुसार, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम ने घटनास्थल का मुआयना कर सबूत जुटाए। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि गुंजा की मौत कैसे हुई। यह हत्या थी, आत्महत्या या कोई और वजह, इसका पक्का जवाब अभी नहीं मिला है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के नतीजों के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो सकेगी।












