जनसमस्याओं पर एक्शन मोड में डॉ. अनिल गोयल, अधिकारियों को समयबद्ध समाधान के निर्देश

0
6

पूर्वी दिल्ली: जनता की समस्याओं का समाधान विकास कार्यों में तेजी और सरकारी विभागों की जवाबदेही इन्हीं मुद्दों को केंद्र में रखते हुए जिला विकास समिति, पूर्वी दिल्ली की मासिक बैठक आयोजित की गई। समिति के अध्यक्ष एवं कृष्णा नगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. अनिल गोयल की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में जनसुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। जनप्रतिनिधियों ने अपने क्षेत्रों की समस्याएं उठाईं, वहीं अधिकारियों को लंबित मामलों पर कार्रवाई तेज करने और नागरिकों को राहत पहुंचाने पर जोर दिया गया।

बैठक का संदेश साफ रहा—जनता की परेशानी दूर करना प्राथमिकता हो विकास कार्यों में देरी नहीं और हर विभाग अपनी जिम्मेदारी निभाए। पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों पर हुई कार्रवाई की समीक्षा भी की गई ताकि समस्याओं के समाधान को केवल चर्चा तक सीमित न रखकर जमीन पर उतारा जा सके।

लक्ष्मी योजना से राशन कार्ड तक, पात्र लोगों को मिले उनका हक

बैठक में दिल्ली लक्ष्मी योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को भुगतान में तेजी लाने और नए राशन कार्ड बनाने की प्रक्रिया को सुचारु करने का मुद्दा प्रमुखता से उठा। उद्देश्य यह सुनिश्चित करना रहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक समय पर पहुंचे और लोगों को दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें।

सड़कें खोदकर छोड़ने वालों पर सख्ती की जरूरत

सड़क निर्माण और मरम्मत से जुड़ी लापरवाही पर भी चर्चा हुई। दिल्ली जल बोर्ड भारत संचार निगम लिमिटेड और अन्य एजेंसियों द्वारा पाइपलाइन या केबल डालने के लिए सड़कें खोदने के बाद उन्हें लंबे समय तक बदहाल छोड़ने से आम लोगों को परेशानी होती है। इस समस्या के समाधान के लिए खुदाई के बाद प्राथमिकता के आधार पर एक सप्ताह से दस दिन के भीतर सड़कों की मरम्मत करने और सतह को समतल बनाने पर जोर दिया गया।

सफाई व्यवस्था सुधरे, अतिक्रमण पर लगे दोबारा कब्जे पर लगाम

पूर्वी दिल्ली के बाजारों और रिहायशी इलाकों में सफाई व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए गंदगी वाले संवेदनशील स्थानों की पहचान कर सूची तैयार करने पर जोर दिया गया। इन स्थानों पर दिन में कम से कम दो बार सफाई कराने का सुझाव रखा गया। बाजारों में रात के समय सफाई, कूड़ा उठाने और कूड़ा संपीड़न व्यवस्था को प्रभावी बनाने पर भी चर्चा हुई।

अतिक्रमण हटाने के बाद उसी स्थान पर दोबारा कब्जा होने की समस्या को भी गंभीरता से उठाया गया। इस पर संबंधित विभागों और दिल्ली पुलिस के बीच बेहतर तालमेल बनाने तथा दोबारा अतिक्रमण रोकने के लिए जवाबदेही तय करने की आवश्यकता पर बल दिया गया।

स्ट्रीट लाइट, नालियां और सीवर भी एजेंडे में

बैठक में मुख्य सड़कों की खराब स्ट्रीट लाइट, नालियों की मरम्मत और जलभराव की आशंका जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई। संबंधित एजेंसियों से इन समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने पर जोर दिया गया, जिससे नागरिकों को सुरक्षित आवागमन और बेहतर बुनियादी सुविधाएं मिल सकें। जल बोर्ड से जुड़े मामलों में सीवेज शोधन संयंत्रों से निकलने वाले पानी के यमुना तक पहुंचने की समस्या उठाई गई। साफ किए गए पानी की उचित निकासी और उसके उपयोग के लिए पाइपलाइन व्यवस्था को आगे बढ़ाने की आवश्यकता पर चर्चा हुई। साथ ही शिकायतों के त्वरित निपटारे तथा मरम्मत और रखरखाव के काम में तेजी लाने पर बल दिया गया।

जनप्रतिनिधियों ने उठाईं स्थानीय समस्याएं

बैठक में विधायक रवि नेगी, रविकांत, संजय गोयल, यशपाल केंटूरा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। दिल्ली विकास प्राधिकरण की जमीन पर अतिक्रमण, सड़कों की बदहाल स्थिति और यातायात व्यवस्था जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। कृष्णा नगर क्षेत्र के निकट बीए रोड पर यू-टर्न बनाने की मांग भी रखी गई, ताकि स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा मिल सके।

जनता को राहत देना ही विकास की असली पहचान

बैठक के समापन पर डॉ. अनिल गोयल ने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय के जरिए समस्याओं का समाधान करने पर जोर दिया। बैठक में उठाए गए मुद्दों का केंद्र पूर्वी दिल्ली में सफाई, सड़क, पानी, सीवर, यातायात और अन्य नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाना रहा।

 

Reported By: Pankaj Rai

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here