ईडी का तीन राज्यों में बड़ा एक्शन, पंजाब से बंगाल तक 24 ठिकानों पर छापेमारी

0
5

नई दिल्ली: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुधवार को देश के तीन राज्यों में एक साथ बड़ी कार्रवाई करते हुए पंजाब, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और तेलंगाना-आंध्र प्रदेश से जुड़े तीन अलग-अलग मामलों में कुल 24 ठिकानों पर तलाशी अभियान शुरू किया। कार्रवाई के केंद्र में सरकारी जमीन के मुआवजे में कथित हेराफेरी, 120 करोड़ रुपये की निवेश धोखाधड़ी और आंध्र प्रदेश लोक सेवा आयोग की समूह-एक मुख्य परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन में कथित अनियमितताएं हैं।

मोगा विधायक के ठिकानों पर ईडी की दस्तक

ईडी के चंडीगढ़ क्षेत्रीय कार्यालय ने पंजाब में सात ठिकानों पर तलाशी ली। यह मामला मोगा जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 754ए के लिए अधिग्रहित सरकारी जमीन के कथित फर्जी इंतकाल और मुआवजे की राशि के गलत वितरण से जुड़ा है। पंजाब पुलिस की प्राथमिकी के आधार पर धन शोधन निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था। तलाशी के दायरे में आम आदमी पार्टी की पंजाब महिला शाखा की अध्यक्ष एवं मोगा विधायक अमनदीप कौर अरोड़ा, उनके पति डॉ. राकेश अरोड़ा, परिवार के सदस्यों और सहयोगियों से जुड़े परिसर शामिल हैं। डॉ. राकेश अरोड़ा से जुड़े नशा मुक्ति अस्पताल में भी तलाशी अभियान चलाया गया।

120 करोड़ की निवेश ठगी का खुलासा

दूसरी कार्रवाई में ईडी के भुवनेश्वर कार्यालय ने ओडिशा और पश्चिम बंगाल में 10 ठिकानों पर छापेमारी की। यह मामला कल्पना फाइनेंशियल सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड और उसके निदेशक अमित मंडल से जुड़ा है। आरोप है कि शेयर बाजार और कारोबार में निवेश कर निश्चित मासिक मुनाफा दिलाने का लालच देकर लोगों से करीब 120 करोड़ रुपये जुटाए गए। निवेशकों को लगभग 3.5 से 7 प्रतिशत तक मासिक निश्चित रिटर्न देने का भरोसा दिया जाता था। आर्थिक अपराध शाखा की प्राथमिकी के आधार पर ईडी इस मामले की जांच कर रही है।

लोक सेवा आयोग की परीक्षा में गड़बड़ी की जांच

तीसरी कार्रवाई में ईडी के हैदराबाद कार्यालय ने तेलंगाना के हैदराबाद और सिकंदराबाद तथा आंध्र प्रदेश के गुंटूर जिले में सात ठिकानों पर तलाशी शुरू की।मामला आंध्र प्रदेश लोक सेवा आयोग की समूह-एक मुख्य परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं के हाथ से मूल्यांकन में कथित अनियमितताओं से संबंधित है। इस प्रक्रिया में एक निजी पक्ष को कथित तौर पर 1 करोड़ 14 लाख 32 हजार 312 रुपये का भुगतान किए जाने का मामला सामने आया है।

ईडी की तलाशी तत्कालीन आयोग सचिव पी. सीतारामंजनेयुलु, निजी कंपनी कैमसाइन मीडिया प्राइवेट लिमिटेड, उसके प्रबंध निदेशक पी. मधुसूदन राव, ट्रूग्रेडर सर्विसेज, स्टोन मीडिया एडवाइजरी सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक अक्केला पेरी श्रीनिवास राव और महमंकाली रघुराम से जुड़े परिसरों पर चल रही है। गुंटूर स्थित आवासा रिसॉर्ट हैलैंड भी जांच के दायरे में है, जहां उत्तर पुस्तिकाएं रखी गई थीं और मूल्यांकन का काम किया गया था। ईडी के तीनों क्षेत्रीय कार्यालयों की कार्रवाई जारी है। एजेंसी इन मामलों में धन के लेनदेन, कथित अनियमितताओं और संबंधित लोगों की भूमिका की पड़ताल कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here