नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पश्चिमी जिला पुलिस के विशेष स्टाफ ने तिलक नगर स्थित एक होटल में चल रहे कथित जुए के अड्डे का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मौके से सात लोगों को पकड़ा और दांव पर लगी 1 लाख 57 हजार 920 रुपये की नकदी तथा ताश के 104 पत्ते बरामद किए हैं।
होटल कमरे में छापेमारी और जुआ खेलते सात लोग रंगे हाथ पकड़े
पश्चिमी जिला डीसीपी हरेश्वर वी स्वामी ने बताया कि होटल दिल्ली -18 केशोपुर रोड मीरा एन्क्लेव में जुआ खेले जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद विशेष स्टाफ की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की। होटल की चौथी मंजिल पर स्थित कमरा नंबर 205 में कार्रवाई के दौरान सात लोग ताश के पत्तों पर रुपये लगाकर जुआ खेलते पाए गए।
छापेमारी टीम और पर्यवेक्षण का विवरण
छापेमारी दल में उपनिरीक्षक संजीत राणा, सहायक उपनिरीक्षक उमेश सहायक उपनिरीक्षक कप्तान, प्रधान आरक्षक देवेंद्र और आरक्षक गुरमीत शामिल रहे। अभियान सहायक पुलिस आयुक्त (परिचालन) की निगरानी तथा पश्चिमी जिला पुलिस उपायुक्त हर्षेश्वर वी. स्वामी के समग्र पर्यवेक्षण में चलाया गया।
बरामदगी, गिरफ्तार लोगों की पहचान और आगे की कार्रवाई
पुलिस ने मौके से 1लाख 57 हजार 920 रुपये की नकदी और 52-52 पत्तों की दो गड्डियां बरामद कीं। पकड़े गए व्यक्तियों की पहचान भरत भूषण, उमेश कुमार उर्फ बिल्ली, इलियास, मुकेश कुमार, शब्बीर, योगेश और धर्मेंद्र कुमार के रूप में हुई है। सभी दिल्ली के विभिन्न इलाकों के निवासी बताए गए हैं। पुलिस के मुताबिक सातों के विरुद्ध जुआ अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। मामले में आगे की जांच जारी है।
Reported By: Pankaj Rai












