जंतर-मंतर पर प्रदर्शन से पहले बड़ा फैसला, दिल्ली के 57 मेट्रो स्टेशनों पर बंद हो सकते हैं एंट्री-एग्जिट गेट

0
6
नई दिल्ली: दिल्ली की मेट्रो में सफर करने वालों के लिए एक बड़ी खबर है। 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी के प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने कमर कस ली है। भीड़ बेकाबू होने की आशंका के चलते पुलिस ने दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन यानी DMRC से 57 मेट्रो स्टेशनों के एंट्री और एग्जिट गेट बंद करने का अनुरोध किया है।

यह अनुरोध 8 अक्टूबर को भेजी गई एक चिट्ठी के जरिए किया गया, जिसे दिल्ली पुलिस के ट्रांसपोर्ट रेंज के संयुक्त पुलिस आयुक्त रजनीश गुप्ता ने DMRC के प्रबंध निदेशक विकास कुमार के नाम लिखा है। चिट्ठी की कॉपी पुलिस कमिश्नर के OSD, DMRC के चीफ सिक्योरिटी कमिश्नर सुवाशीष चौधरी और डीसीपी मेट्रो समेत कई अधिकारियों को भी भेजी गई है।

कब से बंद हो सकते हैं गेट

पुलिस के मुताबिक ये गेट 9 अक्टूबर की रात 9 बजे से बंद किए जा सकते हैं और 10 अक्टूबर को हालात सामान्य होने तक बंद रह सकते हैं। इसके साथ ही इन स्टेशनों से गुजरने वाली मेट्रो ट्रेनों के फेरे भी घटाए जा सकते हैं। हालांकि DMRC ने इस पर अभी क्या फैसला लिया है, यह साफ नहीं हो सका है।

पुलिस को किस बात की आशंका

चिट्ठी में वजह बताते हुए कहा गया है कि 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर और नई दिल्ली जिले की कुछ और जगहों पर प्रदर्शन प्रस्तावित हैं। पुलिस को डर है कि इस दौरान बेकाबू भीड़ संवेदनशील इलाकों की ओर बढ़ सकती है। इसी खतरे से निपटने के लिए पुलिस ने DMRC से संबंधित अधिकारियों और स्टाफ को जरूरी निर्देश देने को कहा है।

सूची में जनपथ, पटेल चौक, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, नई दिल्ली, मंडी हाउस, आईटीओ, दिल्ली गेट, खान मार्केट, सुप्रीम कोर्ट, आईएनए, हौज खास, लाजपत नगर, आश्रम, जामिया मिलिया इस्लामिया, चावड़ी बाजार, जामा मस्जिद, कश्मीरी गेट, शाहदरा और रोहिणी ईस्ट-वेस्ट जैसे कुल 57 स्टेशन शामिल हैं। इनमें दिल्ली के लगभग हर बड़े इलाके के स्टेशन आते हैं, इसलिए यात्रियों को खासी परेशानी हो सकती है।

यात्री यहां कर सकते हैं संपर्क

दिल्ली मेट्रो पुलिस कंट्रोल रूम के नंबर 22183903, 8745001709 और 6828400576 हैं। अंतिम स्थिति DMRC के आधिकारिक फैसले के बाद ही साफ होगी, इसलिए सफर पर निकलने से पहले ताजा अपडेट जरूर देख लें।

ReportedRai By: Pankaj 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here