नई दिल्ली: नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने एक बड़े अंतरराज्यीय फार्मास्यूटिकल ड्रग्स तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। जम्मू से कश्मीर घाटी और दिल्ली तक फैले इस नेटवर्क की जांच के दौरान एनसीबी ने शाहदरा में संचालित एक गुप्त गोदाम का भंडाफोड़ किया। यहां से पांच लाख से अधिक नशीली दवाओं की गोलियां, कैप्सूल और बोतलें बरामद की गई हैं। कार्रवाई में अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। बरामद दवाओं में ट्रामाडोल हाइड्रोक्लोराइड, अल्प्राजोलम, नाइट्राजेपाम और कोडीन युक्त दवाएं शामिल हैं।
यात्री बस की तलाशी से खुला तस्करी नेटवर्क
एनसीबी जम्मू क्षेत्रीय इकाई को मिली खुफिया जानकारी के आधार पर 16 नवंबर 2026 की तड़के उधमपुर जिले के चेन्नानी स्थित माडा टोल प्लाजा के पास श्रीनगर जा रही एक यात्री बस को रोका गया। तलाशी के दौरान भद्रवाह, जिला डोडा निवासी एक व्यक्ति के कब्जे से करीब सात किलोग्राम कोडीन आधारित कफ सिरप (सीबीसीएस) बरामद किया गया। इसके बाद एनसीबी ने स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस एक्ट), 1985 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। शुरुआती बरामदगी की पड़ताल में बड़े सप्लाई नेटवर्क के संकेत मिले।
कश्मीर से दिल्ली तक जुड़ीं तस्करी की कड़ियां
एनसीबी ने जांच का दायरा कश्मीर घाटी तक बढ़ाया और अनंतनाग जिले के एक निवासी को गिरफ्तार किया। उसे इस खेप का संदिग्ध मुख्य प्राप्तकर्ता माना जा रहा है। इसके बाद जांच दिल्ली में सक्रिय सप्लायरों तक पहुंची। एनसीबी की जम्मू और दिल्ली क्षेत्रीय इकाइयों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए सप्लाई नेटवर्क से जुड़े लोगों को गिरफ्तार किया। 18 नवंबर को कार्रवाई के दौरान कोडीन आधारित कफ सिरप की 356 बोतलें भी बरामद की गईं।
शाहदरा के किराये के गोदाम में मिला नशीली दवाओं का जखीरा
जांच के दौरान एनसीबी को शाहदरा इलाके में किराये की जगह पर संचालित एक गुप्त गोदाम का सुराग मिला। इसके बाद 18 और 19 नवंबर को वहां तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान पांच लाख से अधिक टैबलेट, कैप्सूल और दवाओं की बोतलें बरामद हुईं। इनमें ट्रामाडोल हाइड्रोक्लोराइड, अल्प्राजोलम, नाइट्राजेपाम और कोडीन युक्त फार्मास्यूटिकल दवाएं शामिल हैं। इतनी बड़ी बरामदगी से दिल्ली और कश्मीर घाटी के बीच सक्रिय अवैध सप्लाई नेटवर्क का खुलासा हुआ है।
वैध दवा आपूर्ति व्यवस्था की भी हो रही जांच
एनसीबी अब यह पता लगाने में जुटी है कि कोडीन आधारित कफ सिरप और अन्य दवाएं वैध आपूर्ति व्यवस्था से निकलकर अवैध कारोबार तक कैसे पहुंचीं। एजेंसी मूल आपूर्तिकर्ताओं, वितरकों, सप्लाई चेन और आर्थिक लेन-देन की कड़ियों की जांच कर रही है। साथ ही नेटवर्क के अन्य सदस्यों और इसके ऊपरी व निचले स्तर पर सक्रिय लोगों की पहचान की जा रही है।
नशे की जानकारी मानस-1933 पर देने की अपील
एनसीबी ने आम नागरिकों से नशीले पदार्थों की तस्करी और दवाओं के अवैध इस्तेमाल या आपूर्ति से जुड़ी विश्वसनीय जानकारी राष्ट्रीय नारकोटिक्स हेल्पलाइन मानस-1933 पर गोपनीय तरीके से साझा करने की अपील की है। यह कार्रवाई एनसीबी की जम्मू और दिल्ली क्षेत्रीय इकाइयों के संयुक्त अभियान का नतीजा है। एजेंसी का अगला लक्ष्य नेटवर्क के वित्तीय आधार और बाकी आरोपियों तक पहुंचना है।












