नई दिल्ली: वीरता बलिदान और राष्ट्रभक्ति की गौरवगाथा को जन-जन तक पहुंचाने के संकल्प के साथ श्रीकृष्णा यादव महासभा (पंजीकृत) आगामी 18 नवंबर को नई दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में रेजांगला शौर्य दिवस मनाएगी। इस ऐतिहासिक आयोजन की तैयारियों को लेकर नजफगढ़ के खैरा गांव में महासभा की पंचायत आयोजित हुई जिसमें समाज को एकजुट होकर कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया गया।
पंचायत में महासभा के पदाधिकारी मौजूद
पंचायत का आयोजन महासभा की दिल्ली प्रदेश महिला अध्यक्ष निर्मल अजीत यादव ने किया जबकि अध्यक्षता मोवासी राम यादव ने की। बैठक में महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं दिल्ली अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग के पूर्व अध्यक्ष जगदीश यादव राष्ट्रीय महिला अध्यक्ष निशा यादव राष्ट्रीय मीडिया समन्वयक थान सिंह यादव और राष्ट्रीय संगठन महामंत्री हेमंत यादव सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि होंगे डॉ. मोहन यादव
राष्ट्रीय अध्यक्ष जगदीश यादव ने कहा कि रेजांगला युद्ध में अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों की स्मृति में आयोजित यह कार्यक्रम देशभक्ति और शौर्य का संदेश देगा। उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने की स्वीकृति दी है। दिल्ली सहित देश के विभिन्न हिस्सों से समाज के प्रतिनिधि पहुंचकर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
समाज की एकजुटता की अपील
उन्होंने कहा कि महासभा का उद्देश्य यादव समाज के गौरवशाली इतिहास पराक्रम और बलिदान को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के साथ सामाजिक राजनीतिक और शैक्षणिक भागीदारी को मजबूत करना है। राष्ट्रीय मीडिया समन्वयक थान सिंह यादव ने समाज के लोगों से एकजुट होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की।
पंचायत में उपस्थित रहे अन्य सदस्य
पंचायत में दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र यादव, मीना यादव, नारायण यादव, पूनम यादव, रामकुमार लांबा, सर्वेश यादव, बिशंबर यादव, जोगेंद्र यादव, किशनचंद, बघिरत खलीफा, गुलाब सिंह और वेदपाल मास्टर सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
Reported By: Pankaj Rai












