निजीकरण के विरोध में डटे बिजली कर्मचारी, फतेहाबाद के बिजली घरों में कामकाज पूरी तरह ठप्प, विपक्ष ने सरकार को घेरा

0
5

फतेहाबाद: हरियाणा बिजली नियामक आयोग द्वारा गुरुग्राम और नूंह जिलों में निजी कंपनी इलेवन पावर को 25 वर्षों के लिए समानांतर बिजली वितरण लाइसेंस देने के फैसले के विरोध में फतेहाबाद में बिजली कर्मचारियों की तीन दिवसीय हड़ताल दूसरे दिन भी पूरी एकजुटता और सख्ती के साथ जारी रही। बिजली कर्मचारी एवं इंजीनियर संयुक्त संघर्ष मोर्चा के आह्वान पर शुक्रवार को भी जिले भर के बिजली घरों में कामकाज पूरी तरह से ठप्प रहा, जिससे कार्यालयों में सन्नाटा पसरा रहा और जनता से जुड़े प्रशासनिक कार्य प्रभावित रहे।

बिजली घर परिसर में आयोजित दूसरे दिन के विरोध-प्रदर्शन और धरने की अध्यक्षता संयुक्त रूप से सर्कल सचिव फकीर चंद सैनी, भूप सिंह भड़ोलांवाली, इंजीनियर एसोसिएशन से अशोक कुमार पानू तथा एससी-बीसी वर्कर यूनियन से पवन सेलवाल ने की। वहीं मंच का कुशल संचालन रामनिवास शर्मा और संजय सैनी द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। कर्मचारी नेताओं ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सार्वजानिक बिजली निगमों का निजीकरण जनहित और कर्मचारी हित दोनों के खिलाफ है और जब तक सरकार इस फैसले को वापस नहीं लेती, संघर्ष जारी रहेगा।

विपक्षी नेताओं और किसान संगठनों का मिला भारी समर्थन

हड़ताल के दूसरे दिन कर्मचारियों के आंदोलन को राजनैतिक और सामाजिक समर्थन मिला। फतेहाबाद से कांग्रेस विधायक बलवान सिंह दौलतपुरिया, इनेलो की वरिष्ठ नेत्री सुनैना चौटाला तथा इनेलो जिलाध्यक्ष बीकर सिंह हड़ौली अपने कार्यकर्ताओं के संग बिजली घर पहुंचे और कर्मचारियों की मांगों का डटकर समर्थन किया। नेताओं ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार निजी घरानों को फायदा पहुंचाने के लिए बिजली विभाग को बेचने पर तुली है। गुरुग्राम और नूंह जैसे अधिक राजस्व देने वाले क्षेत्रों को निजी कंपनी के सुपुर्द करना बिजली निगमों को कंगाली की ओर धकेलने की साजिश है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि इस लड़ाई में पूरा विपक्ष और आम जनता कर्मचारियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है।

विभिन्न कर्मचारी व सामाजिक संगठनों का साथ

धरने में समर्थन देने पहुंचे प्रमुख समाजसेवियों, किसान व कर्मचारी नेताओं में रिटायर्ड कर्मचारी एसोसिएशन से निहाल सिंह मताना, सर्व कर्मचारी संघ से डॉ. पृथ्वी सिंह बाना व मा. रामदास, हरियाणा कर्मचारी महासंघ से विजयपाल जाखड़, संघ से बेगराज, कर्मचंद सरदाना, पूनमचंद रत्ति, रणधीर सिंह डबास, कुलवंत भिंडर, ओमप्रकाश लोट, लीलाकृष्ण शर्मा (पब्लिक हेल्थ), नरेश राणा (नगरपरिषद), शम्मी रत्ति, डॉ. रामेश्वर कालवन, ओमप्रकाश चड्ढा, रामकिशन तंवर (अम्बेडकर सभा), नागरिक अधिकार मंच से बनारसी दास मोंगा, हरकिशन लाल कम्बोज व माईराम भूथनकलां, पार्षद मोहन लाल नारंग, इनेलो नेता डॉ. रामफल सिंह, पगड़ी संभाल जट्टा किसान संघर्ष समिति से रविन्द्र हिजरावां, मलकीत सिंह उप्पल, लवी बाठ व तजेन्द्र सिंह तूर सालमखेड़ा, मा. सोमप्रकाश, मा. प्रेमचंद, मा. ओमप्रकाश, खेती बचाओ किसान संगठन से बंसीलाल सिहाग तथा रविन्द्र कड़वासरा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

 

Reported By: Rimpi Jindal 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here