देशभर में एक साथ 5 मौसम प्रणालियां सक्रिय, दिल्ली-पंजाब समेत कई राज्यों में बारिश और ओले का अलर्ट

0
5

नई दिल्ली: अक्टूबर के इस मौसम में आसमान अचानक करवट लेने जा रहा है। देश के अलग-अलग हिस्सों में एक साथ पांच मौसम प्रणालियां सक्रिय हो गई हैं, जिसके चलते कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने बुधवार को यह जानकारी दी। मौसम विभाग के मुताबिक, जम्मू के ऊपर वेस्टर्न डिस्टर्बेंस चक्रवाती परिसंचरण के रूप में मौजूद है। मध्य ट्रोपोस्फेरिक स्तर पर उत्तर की ओर एक ट्रफ भी बना हुआ है। इसके अलावा उत्तरी हरियाणा और आसपास के इलाकों, केरल के मध्य हिस्सों, तथा उत्तर-पूर्वी उत्तर प्रदेश और उससे सटे बिहार में भी चक्रवाती परिसंचरण बने हुए हैं। इन्हीं वजहों से मौसम का मिजाज बदलेगा।

उत्तर भारत में कब बरसेंगे बादल

14-15 अक्टूबर को जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में बड़े इलाके में बारिश हो सकती है। हिमाचल प्रदेश में 15 अक्टूबर को ऐसा ही अनुमान है। पंजाब में 14-15 अक्टूबर को बारिश होगी, जबकि हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 15 अक्टूबर को काफी इलाके में बादल बरस सकते हैं। 16 अक्टूबर को जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में कुछ जगहों पर छिटपुट बारिश होगी। हिमाचल में 14 और 16-17 अक्टूबर को, जबकि उत्तराखंड में 14 से 18 अक्टूबर तक ऐसा मौसम रहेगा। पूर्वी उत्तर प्रदेश और पंजाब में 16 अक्टूबर को, हरियाणा और पूर्वी राजस्थान में 14 से 16 अक्टूबर तक कुछ जगहों पर बारिश के आसार हैं।

हिमाचल में 14-15 अक्टूबर को कहीं-कहीं आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट है। साथ ही ओले गिरने की चेतावनी भी जारी हुई है। इसमें हिमाचल और पश्चिमी राजस्थान (14 अक्टूबर), पूर्वी राजस्थान, उत्तराखंड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश (15 अक्टूबर), तथा हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब (14-15 अक्टूबर) शामिल हैं।

मध्य और पूर्वी भारत का हाल

पश्चिमी मध्य प्रदेश में 15 से 20 अक्टूबर और पूर्वी मध्य प्रदेश में 16 से 20 अक्टूबर तक बारिश हो सकती है। छत्तीसगढ़ और विदर्भ में यह सिलसिला 14 से 20 अक्टूबर तक चलेगा। अंडमान-निकोबार में 15-20 अक्टूबर, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 16-19 अक्टूबर, तथा गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल में 14-17 अक्टूबर को बारिश का अनुमान है। झारखंड में 15 अक्टूबर, बिहार में 16-18 अक्टूबर और ओडिशा में 14-20 अक्टूबर तक कहीं-कहीं बादल बरसेंगे। ओडिशा में 14 से 18 अक्टूबर तक आंधी, बिजली और तेज हवाओं की भी आशंका है।

पूर्वोत्तर और पश्चिमी भारत में अलर्ट

पूर्वोत्तर में अगले सात दिन बारिश वाले रहेंगे। अरुणाचल प्रदेश में 14-20 अक्टूबर तक, जबकि असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 14-18 अक्टूबर तक बारिश हो सकती है। 14 अक्टूबर को नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कहीं-कहीं आंधी और बिजली की आशंका है। पश्चिमी भारत में कोंकण और गोवा में 15-20 अक्टूबर, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में 14-20 अक्टूबर तक बारिश होगी। इन इलाकों में आंधी और बिजली का असर भी दिखेगा। कोंकण-गोवा में 15-19 अक्टूबर, मध्य महाराष्ट्र में 15-20 अक्टूबर और मराठवाड़ा में 16-20 अक्टूबर को यह अलर्ट रहेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here