फगवाड़ा: पंजाब के फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी यानी LPU में एक कथित रेप की सूचना को लेकर छात्रों का गुस्सा भड़क उठा है। रात में हुए हंगामे और तोड़फोड़ के बाद सुबह भी छात्रों का प्रदर्शन थमा नहीं, और उन्होंने एक बार फिर चंडीगढ़-अमृतसर राष्ट्रीय राजमार्ग को बंद कर दिया। सोशल मीडिया पर एक छात्रा से कथित रेप का मैसेज वायरल होने के बाद शुरू हुआ यह विरोध अब और भी तेज हो गया है।
घटना की शुरुआत रात करीब 2 बजे हुई, जब बड़ी संख्या में छात्र यूनिवर्सिटी में जमा होकर विरोध प्रदर्शन करने लगे। देखते ही देखते यह प्रदर्शन उग्र रूप ले चुका था, और छात्रों ने कैंपस के अंदर तोड़फोड़ के साथ-साथ आगजनी भी कर दी। जानकारी के मुताबिक, यह पूरा हंगामा गर्ल्स हॉस्टल के पास से शुरू हुआ, जिसकी वजह सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वह मैसेज बताया जा रहा है, जिसमें दावा किया गया था कि किसी बाहरी व्यक्ति ने एक छात्रा के साथ रेप किया है, जिसके बाद उसने आत्महत्या कर ली।
पुलिस बोली- अभी नहीं हुई पुष्टि
हालांकि पुलिस के मुताबिक, फिलहाल इस तरह की किसी घटना की कोई पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुटी है और साथ ही सोशल मीडिया पर वायरल हुए इस मैसेज की भी बारीकी से पड़ताल कर रही है।
गेट पर तोड़फोड़, फिर बंद हुआ हाईवे
जैसे-जैसे हंगामा बढ़ता गया, बड़ी तादाद में छात्र यूनिवर्सिटी के मुख्य गेट के बाहर आ गए और वहां भी जमकर तोड़फोड़ की। इसके बाद प्रदर्शनकारी सीधे चंडीगढ़-अमृतसर नेशनल हाईवे पर पहुंच गए और वहीं धरना देकर सड़क को पूरी तरह जाम कर दिया, जिसके चलते रात के समय हाईवे पर आवागमन भी काफी प्रभावित हुआ।
मौके पर पहुंची पुलिस, संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही कपूरथला के एसपी गौरव तूर भी रात में ही घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने छात्रों से बातचीत करके हालात को शांत कराने की कोशिश की। अधिकारियों के मुताबिक, फिलहाल सबसे बड़ी प्राथमिकता यह पता लगाना है कि सोशल मीडिया पर वायरल हुआ यह मैसेज असल में कहां से आया और इसमें किए गए दावों में कितनी सच्चाई है।
पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि छात्रा के साथ वाकई कोई घटना हुई थी, या फिर यह पूरा विवाद किसी अफवाह के चलते खड़ा हुआ है। फिलहाल इस पूरे मामले की जांच लगातार जारी है।












