नई दिल्ली: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शुक्रवार को दिल्ली के संसद मार्ग थाने पहुंचे। उनके साथ जंतर-मंतर आंदोलन में पैलेट गन से घायल हुआ छात्र साहिल लोचब भी था। राहुल ने थाने में पुलिस अधिकारियों से मुलाकात की और इस मामले में FIR दर्ज करने की मांग की। जब पुलिस ने तुरंत कार्रवाई नहीं की तो वे थाने के बाहर ही धरने पर बैठ गए।
साहिल को न्याय दिलाकर रहेंगे, FIR दर्ज होने तक धरना जारी – राहुल गांधी
धरने पर बैठे राहुल गांधी ने कहा कि हमारी सिर्फ एक मांग है, साहिल की FIR दर्ज हो और पुलिस जांच अधिकारी का नाम बताए। उन्होंने कहा कि 20 जुलाई को कनॉट प्लेस में शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान पैलेट गन का इस्तेमाल किया गया था।
एम्स की रिपोर्ट में साफ है कि साहिल के शरीर में 200 से ज्यादा छर्रे हैं, 3 छर्रे उसकी आंख में हैं जिससे एक आंख की रोशनी चली गई है। दिल के पास भी छर्रे हैं जिन्हें निकाला नहीं जा सकता। राहुल ने कहा कि दिल्ली पुलिस कह रही है उसने पैलेट गन नहीं चलाई, तो सवाल है कि फिर चलाई किसने? अपराध तो हुआ है।
हम सिर्फ FIR की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने हमें बताया कि उन्हें ऊपर से आदेश मिला है कि FIR दर्ज नहीं कर सकते। जब तक FIR नहीं होगी, हम यहां से नहीं हटेंगे। हम इस परिवार के लिए न्याय चाहते हैं, लेकिन अमित शाह का गृह मंत्रालय और दिल्ली पुलिस न्याय नहीं होने दे रही।
अमित शाह इतना घबरा क्यों रहे हैं – राहुल का निशाना
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर गृह मंत्री अमित शाह पर सीधा हमला बोला। उन्होंने लिखा कि आज साहिल लोचब के साथ पुलिस बर्बरता के खिलाफ FIR दर्ज कराने DCP ऑफिस पहुंचा था।
20 जुलाई को जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे साहिल पर पैलेट गन से हमला किया गया, जिससे उसकी एक आंख की रोशनी खतरे में है। उन्होंने लिखा कि अब जब पीड़ित न्याय के लिए FIR दर्ज कराना चाहता है तो वो भी नहीं करने दिया जा रहा।
इस तरह संविधान और संवैधानिक अधिकारों को कुचला जा रहा है। अमित शाह जी न्याय से इतना क्यों घबरा रहे हैं? ये डर दिखा रहा है कि आप अपना अपराध कबूल कर रहे हैं। FIR तो करनी ही होगी और दोषियों पर कार्रवाई भी होगी।
पैलेट गन पीड़ित के साथ थाने पहुंचे राहुल, कई दिग्गज भी पहुंचे
राहुल गांधी साहिल के साथ DCP ऑफिस में जॉइंट सीपी नुपुर प्रसाद से मिलने पहुंचे थे। उनके धरने की खबर मिलते ही प्रियंका गांधी, अधीर रंजन चौधरी, सलमान खुर्शीद और जयराम रमेश समेत कई कांग्रेस नेता भी संसद मार्ग थाने पहुंच गए।
वहीं दिल्ली पुलिस सूत्रों ने ANI को बताया कि नई दिल्ली के DCP सचिन शर्मा राहुल गांधी के संपर्क में हैं। शिकायत पीड़ित ने दर्ज कराई है और दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच पहले से ही 20 जुलाई के सभी मामलों की जांच कर रही है। पीड़ित को बताया गया है कि उसकी शिकायत भी क्राइम ब्रांच को भेजी जाएगी। फिलहाल पुलिस ने इस मामले में कोई त्वरित एक्शन नहीं लिया है।












