मिशन-2027 की बिसात बिछाने मथुरा पहुंचेंगे भाजपा के दिग्गज, जीत की हैट्रिक के लिए होगा महामंथन

0
7

मथुरा: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव-2027 में लगातार तीसरी बार सत्ता हासिल करने के लक्ष्य के साथ भाजपा ने अपनी चुनावी तैयारियों को धार देना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में सोमवार से श्रीकृष्ण की नगरी मथुरा के परखम स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय गो अनुसंधान केंद्र में पार्टी की दो दिवसीय चिंतन बैठक होने जा रही है। इस महामंथन में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उप मुख्यमंत्री समेत करीब 50 वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति तैयार करने के साथ संगठन की जमीनी हकीकत पर भी गंभीर मंथन होगा।

संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर  

भाजपा का पूरा जोर चुनाव से पहले संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरने पर रहेगा। बैठक में संगठन की कमजोरियों, कार्यकर्ताओं की नाराजगी, निष्क्रिय पदाधिकारियों और कमजोर बूथों की समीक्षा की जाएगी। पार्टी इस बार उत्तर प्रदेश के सभी छह संगठनात्मक क्षेत्रों में चुनावी तैयारियों को व्यवस्थित करने के लिए दूसरे राज्यों के अनुभवी संगठन नेताओं की भी मदद लेने जा रही है। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, आंध्र प्रदेश-तेलंगाना, झारखंड और महाराष्ट्र के संगठन पदाधिकारियों को बैठक में आमंत्रित किया गया है। इन नेताओं को पश्चिम, ब्रज, कानपुर-बुंदेलखंड, अवध, काशी और गोरखपुर क्षेत्र की जिम्मेदारियां सौंपने पर विचार होगा। संबंधित नेता अपने-अपने क्षेत्रों में संगठन की स्थिति, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और बूथ प्रबंधन की रिपोर्ट भी प्रस्तुत करेंगे।

बैठक में शामिल प्रमुख नेता और समीक्षा के मुद्दे 

चिंतन बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष, राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े और स्मृति ईरानी की मौजूदगी प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी तथा प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह भी बैठक में शामिल होंगे। हालिया विधान परिषद चुनाव में अपेक्षित प्रदर्शन नहीं मिलने के बाद पार्टी संगठन की कमियों को लेकर भी गंभीरता से समीक्षा करेगी। कार्यकर्ताओं की नाराजगी दूर करने, सरकार और संगठन के बीच बेहतर तालमेल बनाने तथा निष्क्रिय पदाधिकारियों को सक्रिय करने के उपाय तलाशे जाएंगे। इसके अलावा मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान में अधिक से अधिक पात्र मतदाताओं के नाम जुड़वाने और बूथ स्तर पर पार्टी की पकड़ मजबूत करने की रणनीति भी तय की जाएगी।

राजेश चौधरी का बयान: बैठक का कार्यक्रम और उद्देश्य  

मांट विधायक एवं भाजपा प्रदेश महामंत्री राजेश चौधरी ने बताया कि चिंतन बैठक सोमवार दोपहर एक बजे शुरू होगी और मंगलवार को संपन्न होगी। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन अंतिम दिन बैठक में शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि आगामी विधानसभा चुनाव की योजना और रणनीति तैयार करने के उद्देश्य से यह बैठक आयोजित की जा रही है। पार्टी नेतृत्व का प्रयास है कि चुनावी रण में उतरने से पहले संगठन की हर कमजोरी को दूर कर कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को पूरी तरह सक्रिय किया जाए।

 

Reported By: Prem Kaushik

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here