
नई दिल्ली: पैकेज्ड पेयजल की गुणवत्ता को लेकर झांसी में खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। राज्य की टीम ने एक पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर यूनिट पर छापा मारकर मशहूर ब्रांड से मिलते-जुलते नाम वाली 2000 से ज्यादा पानी की बोतलें जब्त कर लीं। मौके से पानी के नमूने भी लिए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए लैब भेजा गया है। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर इस कार्रवाई की जानकारी दी है। विभाग के मुताबिक निरीक्षण के दौरान यूनिट में साफ-सफाई के नियमों का पालन नहीं हो रहा था। इसके साथ ही बोतलों की लेबलिंग में भी गड़बड़ियां मिलीं।
कार्रवाई के बाद संबंधित ब्रांड को नोटिस जारी किया गया है। जब्त की गई बोतलों के सैंपल की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि पानी पीने लायक था या नहीं। विभाग का कहना है कि उपभोक्ताओं की सेहत से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। बता दें कि बोतलबंद पानी को लेकर देशभर में निगरानी बढ़ा दी गई है। हाल ही में FSSAI ने बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ भी मुकदमा चलाने की मंजूरी दी है। यह मामला कंपनी के पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर के सैंपल से जुड़ा है, जो जांच में असुरक्षित पाया गया था।
बिसलेरी मामले में क्या मिला?
FSSAI के मुताबिक कंपनी के परिसर से लिए गए सैंपल में ब्रोमेट की मात्रा तय सीमा से ज्यादा मिली थी। कंपनी की अपील पर सैंपल को रेफरल फूड लैबोरेटरी भेजा गया, जहां जांच में पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAHs) पाए गए। इसके बाद खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006 के तहत केस चलाने की अनुमति दी गई। FSSAI ने साफ किया है कि यह कार्रवाई पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर पर हुई है, मिनरल वाटर पर नहीं।
कंपनी ने दी सफाई
दूसरी ओर बिसलेरी ने अपने पानी को पूरी तरह सुरक्षित बताया है। कंपनी का कहना है कि यह मामला सितंबर 2025 में गोवा प्लांट के एक बैच का है। शुरुआती जांच में छह में से पांच सैंपल मानकों पर खरे उतरे थे। कंपनी ने फरवरी 2026 में एक स्वतंत्र लैब की रिपोर्ट भी FSSAI को सौंपी थी। बिसलेरी ने कहा है कि वह गुणवत्ता को लेकर पूरी तरह गंभीर है और जांच में पूरा सहयोग करेगी। फिलहाल झांसी मामले में जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। अगर सैंपल फेल होते हैं तो यूनिट के खिलाफ और सख्त कार्रवाई हो सकती है।












