मुज़फ़्फ़रनगर की आबोहवा में घुल रहा 'मीठा ज़हर', VIDEO: शामली रोड पर चोरी-छिपे फेंका जा रहा कूड़ा, रात होते ही लगाई जा रही आग

0
1

मुज़फ़्फ़रनगर: शहर की आबोहवा में ज़हर घोलने का एक बेहद गंभीर और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। शामली रोड स्थित काली नदी पुल के पास नगर पालिका परिषद क्षेत्र में पहले चोरी-छिपे कूड़े के ढेर लगाए जा रहे हैं और फिर रात के अंधेरे में उन्हें आग के हवाले किया जा रहा है। सुलगते कूड़े से उठता जहरीले धुएं का गुबार आसपास की रिहायशी आबादी के लिए जानलेवा साबित हो रहा है, लेकिन जिम्मेदार महकमा गहरी नींद में सोया नजर आ रहा है।

चोरी-छिपे डंपिंग, फिर रात में आगजनी

स्थानीय निवासी निशु ने इस पूरे खेल का पर्दाफाश करते हुए बताया कि काली नदी पुल के पास एक सुनियोजित तरीके से कूड़ा डाला जाता है। दिन के उजाले में नजरों से बचकर कचरा फेंका जाता है और रात का सन्नाटा पसरते ही उसमें आग लगा दी जाती है। इस जहरीले धुएं की वजह से रात के समय लोगों का सांस लेना तक दूभर हो गया है। आरोप है कि यह कोई एक दिन की लापरवाही नहीं, बल्कि लंबे समय से चल रहा एक ऐसा सिलसिला है, जिस पर कोई लगाम नहीं लग पा रही है।

वायरल वीडियो ने खोली दावों की पोल

बीती सोमवार की देर रात भी यहां कूड़े के ढेर में भीषण आग लगाई गई। आग की लपटों और उससे उठते घने धुएं के गुबार को स्थानीय लोगों ने अपने कैमरे में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो ने नगर पालिका के ‘स्वच्छ मुज़फ़्फ़रनगर’ और ‘कूड़ा प्रबंधन’ के तमाम दावों की पोल खोलकर रख दी है। खुले में कूड़ा जलाने पर सख्त पाबंदी के बावजूद हो रही यह मनमानी प्रशासन की कार्यशैली पर बड़े सवाल खड़े कर रही है।

जिम्मेदारों की चुप्पी पर सुलगते सवाल

इस घटना ने नगर पालिका और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की निगरानी व्यवस्था को कटघरे में खड़ा कर दिया है। बड़ा सवाल यह है कि नगर पालिका क्षेत्र में आखिर किसकी शह पर यह कूड़ा डाला जा रहा है? जब रात के अंधेरे में खुलेआम आग लगाकर पर्यावरण को नुकसान पहुंचाया जा रहा है, तो जिम्मेदारों को इसकी भनक तक क्यों नहीं लगती?

फिलहाल, जहरीले धुएं से त्रस्त स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से इस मामले का तत्काल संज्ञान लेने, दोषी कर्मचारियों या व्यक्तियों की जिम्मेदारी तय करने और इस जानलेवा सिलसिले पर सख्ती से रोक लगाने की मांग की है।

Reported By: Rohit

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here