वृंदावन: संत प्रेमानंद महाराज के बड़े गुरुदेव गौरांगी शरण महाराज के जन्मोत्सव पर शनिवार सुबह वृंदावन में भक्ति और श्रद्धा का अनूठा नजारा देखने को मिला। बड़े गुरुदेव को जन्मदिन की बधाई देने के लिए संत प्रेमानंद महाराज स्वयं पदयात्रा करते हुए परिक्रमा मार्ग से उनके आश्रम पहुंचे। लंबे समय बाद महाराज को इस तरह पदयात्रा करते देख उनके दर्शन के लिए हजारों श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा।
श्रद्धालुओं का स्वागत और उत्साह
महाराज श्री के पदयात्रा पर निकलने की सूचना मिलते ही परिक्रमा मार्ग के दोनों ओर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी। हर कोई अपने आराध्य संत की एक झलक पाने को आतुर नजर आया। जैसे ही महाराज भक्तों के बीच से गुजरे, पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया गया। पूरा परिक्रमा मार्ग जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने हाथ जोड़कर और नमन कर महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया। साक्षात दर्शन पाकर अनेक भक्त भावविभोर नजर आए।
भीड़ प्रबंधन और भक्तिमय माहौल
पदयात्रा के दौरान भीड़ का दबाव लगातार बढ़ता रहा। महाराज के साथ चल रहे शिष्यों और सेवादारों के साथ पुलिसकर्मियों को भी श्रद्धालुओं को नियंत्रित करने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय पुलिस और सेवादार पूरी तरह मुस्तैद रहे। श्रद्धालुओं में महाराज के दर्शन को लेकर ऐसा उत्साह था कि परिक्रमा मार्ग पर काफी देर तक भक्तों की आवाजाही बनी रही। बड़े गुरुदेव के जन्मोत्सव पर निकली इस पदयात्रा ने वृंदावन के वातावरण को भक्तिमय कर दिया।
Reported By: Prem Kaushik












