ब्लैक सी में जहाज पर जोरदार धमाके से लगी भीषण आग, भारत समेत 3 देशों के 17 नाविकों की बची जान

0
6

नई दिल्ली: ब्लैक सी यानी काला सागर में बढ़ते ड्रोन हमलों के बीच रोमानिया के समुद्री क्षेत्र में एक व्यापारिक जहाज पर जोरदार धमाका हुआ। इसके बाद जहाज में आग लग गई। घटना यूक्रेन की सीमा के पास हुई, जिससे समुद्री सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। राहत की बात यह रही कि जहाज पर सवार सभी 17 नाविक सुरक्षित हैं। हालांकि, अभी तक आग लगने की असली वजह सामने नहीं आई है।

रोमानिया के रक्षा मंत्री रादू मिरुत्सा ने बुधवार को इस घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच में यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि जहाज में आग किसी ड्रोन हमले के कारण लगी या इसके पीछे कोई दूसरी वजह थी। रोमानिया के एयर डिफेंस रडार ने भी जहाज की ओर आते हुए किसी ड्रोन का पता नहीं लगाया था।

कोमोरोस के झंडे के साथ चल रहा था जहाज

जानकारी के मुताबिक, हादसे का शिकार हुए जहाज का नाम ‘यारा जे’ है। यह कोमोरोस के झंडे के साथ समुद्र में चल रहा था। जहाज में आग लगने के दौरान वह खाली था या उसमें कोई सामान मौजूद था, इसे लेकर दी गई जानकारी में स्थिति स्पष्ट नहीं है। हालांकि, चालक दल के सदस्य जहाज पर मौजूद थे।

जहाज के चालक दल ने डेन्यूब नदी के मुहाने पर स्थित रोमानिया के सुलिना शहर से करीब 10 नॉटिकल मील दक्षिण-पूर्व में मदद के लिए संदेश भेजा था। इसके बाद बचाव दल को घटना की जानकारी मिली।

सभी 17 नाविक सुरक्षित

रोमानिया के रक्षा मंत्री के अनुसार, बचाव दल के मौके पर पहुंचने से पहले ही चालक दल के सदस्यों ने आग पर काबू पा लिया था। जहाज पर सीरिया, भारत और ईरान के कुल 17 लोग सवार थे। इनमें से किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। घटना के बाद जहाज रोमानिया के काला सागर तट पर स्थित कॉन्स्टांटा बंदरगाह की ओर बढ़ रहा है। वहां पहुंचने के बाद आग लगने के कारणों की जांच की जाएगी। फिलहाल यह कहना जल्दबाजी होगी कि इस घटना का संबंध ड्रोन हमले से है।

ब्लैक सी में बढ़ रही हैं हमले की घटनाएं

काला सागर में व्यापारिक जहाजों पर हमलों की घटनाएं हाल के दिनों में बढ़ी हैं। करीब नौ दिन पहले अनाज से लदे एक तुर्की व्यापारिक जहाज पर भी ड्रोन हमला हुआ था। यह जहाज रोमानिया के समुद्री आर्थिक क्षेत्र में स्फांतु घेओर्गे शहर के पास डूब गया था। उस घटना में चालक दल के दो सदस्यों की मौत हो गई थी। इसके अलावा, पड़ोसी देश बुल्गारिया के समुद्री आर्थिक क्षेत्र में भी कई जहाज प्रभावित हुए हैं। रूस-यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद रोमानिया के हवाई क्षेत्र में भी कई बार ड्रोन देखे गए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here