नाइजीरिया में सेना के बेस पर चरमपंथियों का घातक हमला, 10 सैनिकों की मौत से मचा हड़कंप

0
5

नई दिल्ली: नाइजीरिया के पूर्वोत्तर बोरनो राज्य में आतंकी संगठन बोको हराम ने सेना के एक ठिकाने पर बड़ा हमला कर दिया। मंगलवार रात गुजामाला जिले में हुए इस हमले में कम से कम 10 सैनिक मारे गए और 20 से ज्यादा घायल हो गए। आतंकियों ने हमले के दौरान पास के मैरारी गांव में भी आगजनी की और कई सैन्य वाहनों को नष्ट कर दिया।

5 आम नागरिक और एक फॉरेस्ट गार्ड भी मारे गए

समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, इस हमले में सैनिकों के अलावा 5 आम नागरिकों और एक वन रक्षक की भी मौत हुई है। सूत्रों का कहना है कि घायलों की संख्या 20 से अधिक है, जिनमें कई की हालत गंभीर है। सैन्य अधिकारियों ने बताया कि बड़ी संख्या में हथियारबंद लड़ाकों ने अचानक बेस को घेर कर फायरिंग शुरू कर दी, जिससे जवानों को संभलने का मौका नहीं मिला।

मछुआरों की 40 से ज्यादा नावें छीनीं

इस घटना के चश्मदीद मछुआरे जिब्रिन हसन ने बताया कि हमले से पहले आतंकियों ने झील किनारे बसे तुमबुन बारेबारी गांव से 40 से ज्यादा नावें छीन ली थीं। एक अन्य मछुआरे बाबागाना मुहम्मद ने कहा कि यह एक साथ कई जगहों पर किया गया सुनियोजित हमला था, लेकिन उन्होंने मछुआरों को नुकसान नहीं पहुंचाया।

17 साल से जारी है आतंक के खिलाफ जंग

बता दें कि उत्तर-पूर्वी नाइजीरिया में पिछले 17 सालों से सेना आतंकी संगठनों के खिलाफ अभियान चला रही है, लेकिन बोको हराम और ISWAP जैसे समूहों के हमले थमने का नाम नहीं ले रहे। हाल के हफ्तों में इन हमलों में तेजी आई है। पिछले हफ्ते ही नाइजीरियाई सेना ने बोरनो में ISWAP के एक हमले को नाकाम करते हुए 25 से ज्यादा आतंकियों को ढेर किया था। लगातार हो रहे हमलों से इलाके में दहशत का माहौल है और सेना ने सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here