अमेरिका के बड़े बैंकों का ऑनलाइन सिस्टम ठप, यूनाइटेड एयरलाइंस में भी आई तकनीकी खराबी

0
5

 नई दिल्ली: अमेरिका में तकनीकी गड़बड़ियों का सिलसिला जारी है। हवाई यातायात और माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में परेशानी के बाद सोमवार को बैंकों की ऑनलाइन सेवाएं प्रभावित हुईं। इसी दिन यूनाइटेड एयरलाइंस के सिस्टम में भी खराबी आई। बाद में सेवाएं बहाल हुईं। सोमवार को बैंक ऑफ अमेरिका, चेज, जेपी मॉर्गन, यूएस बैंक, वेल्स फार्गो और डिजिटल पेमेंट प्लेटफॉर्म Zelle के ग्राहकों ने ऑनलाइन अकाउंट और लेनदेन में दिक्कत की शिकायत की।

जेपी मॉर्गन चेज ने बताया कि उसके आंतरिक हार्डवेयर सिस्टम में सॉफ्टवेयर की खराबी से ट्रांजैक्शन धीमे हो गए। चेज के जरिए भुगतान करने वाले बैंक ऑफ अमेरिका और सिटीग्रुप के कुछ ग्राहक भी प्रभावित हुए। कई यूजर्स को संदेश मिला कि कुछ सेवाएं उपलब्ध नहीं हैं और वे बाद में कोशिश करें। Downdetector पर भी शिकायतें दर्ज हुईं। चेज ने स्पष्ट किया कि समस्या साइबर हमले के कारण नहीं थी। बैंक के मुताबिक, कुछ लेनदेन में ज्यादा समय लग रहा था, लेकिन ग्राहक अपने खाते और जमा रकम देख पा रहे थे।

यूनाइटेड एयरलाइंस का सिस्टम भी प्रभावित

सोमवार दोपहर यूनाइटेड एयरलाइंस ने अपने सिस्टम में तकनीकी खराबी की पुष्टि की और यात्रियों से माफी मांगी। एक ऐप की रिकॉर्डिंग में ह्यूस्टन में एयरलाइन का पायलट टावर से विमान को गेट पर रोके रखने की अनुमति मांगता सुनाई दिया। उसने सिस्टम बहाल होने तक विमान वहीं रखने का अनुरोध किया। कुछ घंटों बाद खराबी ठीक कर ली गई।

FAA सिस्टम के लिए 50 अरब डॉलर की मांग

यह घटना शुक्रवार को फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) के नेटवर्क में आई खराबी के बाद हुई, जिससे देशभर में उड़ानें प्रभावित हुई थीं। परिवहन मंत्री सीन डफी के अनुसार, सरकारी ठेकेदार पुराने कॉपर वायर को फाइबर वायर से बदल रहा था। अरकंसास में तार बदलने के बाद टेक्सास के अमरिलो केंद्र में भी समस्या आई।

FAA के मुताबिक, नेटवर्क पर हर 4 से 5 सेकंड में करीब 1,000 कनेक्शन प्रयासों के बराबर जरूरत से ज्यादा डेटा पहुंचा। इससे विमान संचार और रडार फीड प्रभावित हुए। दोनों केंद्रों को नेटवर्क से अलग करने के बाद स्थिति संभली। अब ट्रंप प्रशासन एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम को आधुनिक बनाने के लिए 50 अरब डॉलर मांग रहा है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पुरानी व्यवस्था पूरी तरह बदलने की बात कह चुके हैं। डेमोक्रेटिक सांसदों ने पहले मंजूर अरबों डॉलर खर्च नहीं होने पर सवाल उठाए। डफी के मुताबिक, यह रकम 2028 के अंत तक खर्च होगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here