Karwa Chauth Special: करवा चौथ पर बनाएं मूंग दाल का हलवा, 5 लोगों के लिए नोट करें सही मात्रा

0
5

नई दिल्ली: करवा चौथ का त्योहार सुहागिन महिलाओं के लिए खास होता है। इस दिन महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र और सुखी वैवाहिक जीवन की कामना के लिए व्रत रखती हैं। पूजा-पाठ और तैयारियों के बीच घर में कुछ मीठा बनाने का भी मन करता है। ऐसे में मूंग दाल का हलवा एक अच्छा ऑप्शन हो सकता है। इसका स्वाद बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आता है। हालांकि, हलवा बनाते समय दाल, दूध, चीनी और घी की मात्रा सही रखना जरूरी है। अगर सामग्री का अनुपात ठीक हो और दाल को धैर्य के साथ भुना जाए, तो हलवा और स्वादिष्ट और अच्छा बन सकता है। 5 लोगों के लिए सामग्री: मूंग दाल का हलवा बनाने के लिए 250 ग्राम धुली मूंग दाल, 500 मिलीलीटर फुल क्रीम दूध, 200 ग्राम चीनी, 150 से 175 ग्राम देसी घी, 250 से 300 मिलीलीटर पानी, आधा छोटा चम्मच इलायची पाउडर और दो से तीन बड़े चम्मच कटे हुए बादाम-काजू लें। चीनी और घी की मात्रा अपने स्वाद के अनुसार थोड़ी कम या ज्यादा कर सकती हैं।

इस तरह बनाएं मूंग दाल का हलवा

सबसे पहले मूंग दाल को अच्छी तरह धोकर तीन से चार घंटे के लिए पानी में भिगो दें। इसके बाद पानी निकालकर दाल को मिक्सर में दरदरा पीस लें। ध्यान रखें कि दाल का बिल्कुल महीन पेस्ट न बनाएं। अब भारी तले की कड़ाही में घी गर्म करें और उसमें पिसी हुई दाल डाल दें। धीमी से मध्यम आंच पर दाल को लगातार चलाते हुए भूनें। इसमें थोड़ा समय लग सकता है, लेकिन अच्छी तरह भुनने पर हलवे का स्वाद और खुशबू दोनों बढ़ जाते हैं। जब दाल सुनहरी होने लगे और उससे अच्छी खुशबू आने लगे, तब समझें कि वह भुन गई है। अब गर्म दूध और गर्म पानी को धीरे-धीरे कड़ाही में डालें। इस दौरान मिश्रण को लगातार चलाते रहें, ताकि गांठें न बनें। दाल के नरम होने और मिश्रण के गाढ़ा होने तक इसे अच्छे से पकाएं। इसके बाद चीनी डालकर अच्छी तरह से मिला ले। चीनी डालने के बाद हलवा कुछ समय के लिए पतला हो सकता है, इसलिए इसे लगातार चलाते हुए पकाते रहें। जब मिश्रण गाढ़ा होने लगे और घी किनारों पर दिखाई देने लगे, तब इसमें इलायची पाउडर, बादाम और काजू मिला दें। कुछ मिनट पकाने के बाद गैस बंद कर दें। आपका स्वादिष्ट मूंग दाल का हलवा तैयार है। इसे गर्मागर्म परोसें और करवा चौथ के मौके पर परिवार के साथ इसका आनंद लें।

कुकिंग टिप्स: हलवा बनाते समय जल्दबाजी न करें। दाल को अच्छी तरह भूनना सबसे जरूरी है, क्योंकि अधपकी दाल से हलवे का स्वाद बिगड़ सकता है। दूध और पानी गर्म करके डालें और चीनी हमेशा दाल के नरम होने के बाद मिलाएं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here