नई दिल्ली: सर्दियों का मौसम आते ही स्किन की परेशानी शुरू हो जाती है। ठंडी हवा से चेहरा ड्राई और बेजान लगने लगता है। कई बार चेहरा खिंचा-खिंचा सा लगता है। गालों पर सफेद पपड़ी भी जम जाती है। होंठ भी फटने लगते हैं। ऐसे में स्किन को नमी देना बहुत जरूरी होता है।
लोग बाजार की क्रीम लगाते हैं। लेकिन आप घर पर ही मलाई से कोल्ड क्रीम बना सकते हैं। ये एकदम नेचुरल होती है। मलाई में फैट होता है। जो स्किन को सॉफ्ट और मुलायम बनाता है। तो चलिए जानते हैं, घर पर मलाई वाली कोल्ड क्रीम कैसे बनाएं।
मलाई वाली कोल्ड क्रीम कैसे बनाएं?
सबसे पहले ताजा मलाई लें। उसे एक साफ कटोरी में निकाल लें। अगर मलाई फ्रिज में रखी है, तो थोड़ी देर बाहर रख दें। बहुत ठंडी मलाई इस्तेमाल न करें। अब मलाई को अच्छे से फेंट लें। जब तक वो एकदम मुलायम और क्रीमी न हो जाए। इसके बाद इसमें बादाम का तेल डालें। आप चाहें तो जैतून का तेल या नारियल तेल भी डाल सकते हैं। अब इसे फिर से अच्छे से मिला लें। इसके बाद इसमें शहद और ग्लिसरीन डालें। इन सब चीजों को तब तक फेंटें, जब तक मिश्रण एकदम क्रीमी न हो जाए। आखिर में इसमें थोड़ा सा गुलाब जल डालें। एक बार फिर अच्छे से मिक्स कर लें। बस आपकी घर की मलाई वाली कोल्ड क्रीम तैयार है।
इस्तेमाल का तरीका
इसे एक साफ डिब्बे में रख लें। रात में सोने से पहले थोड़ी सी क्रीम लें। चेहरे और गर्दन पर हल्के हाथों से मसाज करें। सुबह चेहरा सॉफ्ट लगेगा। एक बात का ध्यान रखें। इस क्रीम में कोई प्रिजर्वेटिव नहीं होता। इसलिए इसे थोड़ी मात्रा में ही बनाएं। इसे फ्रिज में रखें। और 24 से 48 घंटे के अंदर ही इस्तेमाल कर लें। अगर इसमें से बदबू आए या रंग बदल जाए, तो इसे फेंक दें। दोबारा इस्तेमाल न करें।
चेहरे पर लगाने से पहले पैच टेस्ट जरूर करें। पहले हाथ पर थोड़ा लगाकर देखें। अगर आपकी स्किन सेंसिटिव है या मुंहासे होते हैं, तो ये क्रीम आपको सूट नहीं भी कर सकती। जलन हो तो तुरंत लगाना बंद कर दें। सर्दियों में ये क्रीम आपके गालों को मक्खन जैसा मुलायम बना देगी।












